गोरखपुर: ट्रैफिक लाइटों पर यूनीपोल का ग्रहण, शहर के कई चौराहों पर चालकों को नहीं दिख रहीं लाइटें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर शहर के नौ प्रमुख चौराहों पर लगाई गई ट्रैफिक लाइटों में से कई पर यूनीपोल, होर्डिंग्स और बैनर का ग्रहण लग गया है। अमर उजाला तिराहे पर लगाई गई ट्रैफिक लाइट के सामने ही यूनीपोल खड़ा है। इसकी वजह से न तो ट्रैफिक लाइट दिखाई दे रही है और न ही टाइमिंग का पता चल पाता है। कुछ यही हाल नौसड़ चौराहे पर भी है। वहीं, केबल कट जाने के कारण रुस्तमपुर चौराहे पर लगी ट्रैफिक लाइटों ने काम करना बंद कर दिया है।
शहर के नौ चौराहों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत ट्रैफिक लाइटें लगाई गईं हैं। इन लाइटों से ठीक सटे हुए, अत्याधुनिक कैमरे भी लगाए गए हैं। लेकिन, कुछ चौराहों पर लगाई गई ट्रैफिक लाइटों के सामने ही विज्ञापन के यूनीपोल लगे हुए हैं। वहीं कुछ के सामने अवैध रूप से टांगे गए होर्डिंग और बैनर, ट्रैफिक लाइटों को पूरी तरह ढंक दे रहे हैं, जिससे लोगों को ट्रैफिक लाइटें नजर ही नहीं आ रहीं हैं। यह स्थिति तब है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस ट्रैफिक लाइट सिस्टम का उद्घाटन भी कर चुके हैं।
आईटीएमएस प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ चौराहों पर ट्रैफिक लाइटों के सामने यूनीपोल लगे हुए हैं। नगर निगम के चीफ इंजीनियर को इस संबंध में पत्र लिखा गया है। जल्द ही इन यूनीपोल को हटाने का आश्वासन मिला है।
नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने बताया कि कुछ चौराहों पर ट्रैफिक लाइटों के सामने यूनीपोल हैं। जल्द ही इन्हें हटा दिया जाएगा।
मोहद्दीपुर और नौसड़ में सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड
शहर के जिन चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाई गई है, उनमें सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड मोहद्दीपुर और नौसड़ चौराहे पर है। शहर के यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लगाए गए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) में इस लोड का चिन्हित किया गया है। इसी ट्रैफिक लोड के आधार पर चौराहों पर ट्रैफिक लाइट की ट्राइमिंग निर्धारित की जा रही है।
शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर करने को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से शहर के 21 चौराहों को हाइटेक किया जा रहा है। आईटीएमएस सिस्टम लगाकर इन चौराहों पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में नौ चौराहों को इस सिस्टम से जोड़ दिया गया है। इनमें नौसड़, ट्रांसपोर्टनगर चौराहा, रुस्तमपुर तिराहा, अमर उजाला तिराहा, पैडलेगंज तिराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, कूड़ाघाट तिराहा, छात्रसंघ चौराहा और विश्वविद्यालय चौराहा पर इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। नगर निगम के नवनिर्मित भवन में बनाए गए कंट्रोल रूम से इन सभी चौराहों पर यातायात पुलिस की सहायता से नजर रखी जा रही है। प्राप्त आंकड़ों के हिसाब से चौराहों पर ट्रैफिक लाइट की टाइमिंग निर्धारित किया जा रहा है।
आईटीएमएस प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि चौराहों पर ट्रैफिक लाइट निर्धारित करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्लानिंग के अनुसार एक चौराहे पर अधिकतम 45 सेकेंड की टाइमिंग रखी जाएगी। अगर इसमें परिवर्तन की जरूरत महसूस की जाएगी तो बाद में इसमें बदलाव कर दिया जाएगा।