मामूली बात को लेकर मेडिकल ऑफिसर से तीमारदार ने की मारपीट, मरीज के पति ने दी जान से मारने की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर के महिला अस्पताल में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुषमा वर्मा से मंगलवार को एक महिला तीमारदार ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की। मरीज के पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टर ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. सुषमा वर्मा ने दिए तहरीर में बताया है कि दो बजे से लेकर रात आठ बजे तक उनकी ड्यूटी है। मंगलवार को वह ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंचीं। ओपीडी में मरीजों को देखने के बाद वह लेबर रूम में गईं। वहां पर पहले से भर्ती एक महिला ने ऑपरेशन की बात कहते हुए अपनी जांच रिपोर्ट दिखाई।
रिपोर्ट देखने के बाद प्लेटलेट की जांच के लिए उन्होंने पर्चे पर लिखा। इसके बाद ऑपरेशन करने की बात कही। इस पर अचानक मरीज के साथ आए कुछ लोग अंदर आ गए और बदसलूकी करने लगे।
मरीज के साथ आई महिला तीमारदार ने उनका बाल नोचा और मोबाइल फोन छीन लिया। इस बीच अस्पताल के अन्य स्टाफ भी आ गए। किसी तरह स्टाफ के लोगों ने उन्हें बचाया। डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि मरीज के पति ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।
एडी हेल्थ डॉ जर्नादन त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। डॉक्टरों के साथ अगर कोई दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोरोना वारियर्स के साथ गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिला अस्पताल एसआईसी डॉ. नीना त्रिपाठी ने बताया कि डॉ. सुषमा वर्मा ने लिखित तौर पर पुलिस से मामले की शिकायत की है। 100 नंबर भी डायल किया गया था, जिस पर कोतवाली पुलिस आई थी। सुरक्षा के पूरे इंतजाम अस्पताल में किए जाएंगे।