संवाद न्यूज़ एजेंसी गोरखपुर। गीडा पुलिस ने शनिवार की सुबह चोरी के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक कार, एक ऑटो, चोरी हुआ 23 बोरी चावल और तमंचा बरामद किया है। वही मौका पाकर गिरोह के दो सदस्य फरार हो गए। सीओ कैम्पियरगंज दिनेश कुमार सिंह ने बताया की थानेदार देवेंद्र सिंह ट्रकों के तिरपाल काटकर और एफसीआई के गोदाम से अनाज चोरी करने वाले गिरोह की तलाश कर रहे थे। इस बीच शनिवार को मुखबिर से सुचना मिली की कुछ लोग गोदाम से चोरी हुए अनाज को बेचने ले जा रहे है। जिसके बाद पुलिस टीम ने न्यू जेसीबी चौराहे के पास घेराबंदी कर दी। तभी एक कार और ऑटो से कुछ लोग आते दिखे। पुलिस के रोकने पर वे भागने का प्रयास किये। जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर तीन लोगो को पकड़ लिया। वही दो लोग फरार हो गए। पकड़े गए लोगो की पहचान बोक्ता डिहवा निवासी कमलेश उर्फ़ कल्ले, कोडरी कला निवासी राजेश निषाद और ऑटो चालक बोक्ता डिहवा निवासी सुंदर निषाद के रूप में हुई है। वही फरार होने वाले लोगो की पहचान बोक्ता डिहवा निवासी हिमांशु निषाद और तेनुहारी निवासी विष्णु के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया सुंदर ऑटो चलाता है, वह अपने ऑटो से चोरी का माल ले जाता है। शनिवार को वह ऑटो में 15 बोरी चावल रखकर बेचने ले जा रहा था। वंही कार में 8 बोरी चावल रखा था। कार सवार कमलेश के पास से तमंचा बरामद हुआ। जिसके बाद सभी पर चोरी और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि इनका एक गिरोह है जो इलाके में गडियो से घूम कर सरकारी अनाज से लदे खड़े ट्रको का तिरपाल काटकर और एफसीआई के गोदाम से खाद्य व रसद विभाग का अनाज चोरी करके बेचते है। अभी हाल ही में गोदाम से चावल गायब हुआ था। जिसके बाद चोरो की तलाश चल रही थी। पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस को बताया कि पिछले कई वर्षों से वे लोग अनाज चोरी करते है और उस अनाज को थोड़ी थोड़ी मात्रा में बाजार में ले जाकर बेचते है । प्रतिदिन एक गिरोह 10-15 बोरी अनाज चोरी करता है । कमलेश उर्फ़ कलु थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से ही गीडा और सहजनवा सहित अन्य कई थानों में लूट, चोरी, बलवा, हत्या के प्रयास, समाज विरोधी क्रिया कलाप, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कई गम्भीर आरोप में 14 से अधिक केस दर्ज है।