Gorakhpur News: कागज का जहाज उड़ाने पर शिक्षक ने UKG के छात्र का हाथ तोड़ा, उल्टा लटकाकर की पिटाई
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले में कैंट इलाके के कूड़ाघाट स्थित डस्ट टू क्राउन स्कूल में यूकेजी के छात्र को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कागज का जहाज उड़ाने से नाराज प्रधानाचार्य व शिक्षक ने छात्र को स्कूल में उल्टा लटकाकर इस तरह पीटा कि उसका हाथ टूट गया। पिटाई के दौरान मासूम दोनों के हाथ-पैर जोड़कर छोड़ देने की मिन्नते करता रहा, लेकिन उन्होंने उसकी एक न सुनी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मोहद्दीपुर के शिवालानगर में रहने वाले हरेंद्र का बेटा सार्थक कूड़ाघाट स्थित डस्ट टू क्राउन स्कूल में यूकेजी में पढ़ता है। आरोप है कि बच्चे की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने स्कूल में अपने एक दोस्त के साथ मिलकर कागज की जहाज बनाई और फिर उसे स्कूल में उड़ा दिया। इसी बात पर उसकी पिटाई कर दी गई।
मासूम की मां की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि बच्चे का हाथ टूट गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
गरीब होने की वजह से भेदभाव करता है स्कूल प्रबंधन
मासूम की मां पुष्पा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह बेहद गरीब हैं। उनके पति हरेंद्र ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने अपने पांच साल के बेटे सार्थक का प्रवेश कूड़ाघाट गौतम गुरूंग चौक स्थित डस्ट टू क्राउन स्कूल में कराया है। गरीब होने की वजह से स्कूल प्रबंधन भेदभाव करता है।
स्कूल टॉपर है सार्थक
सार्थक पढ़ाई में काफी होनहार है। परीक्षा में उसने स्कूल में भी टॉप किया था। मां का आरोप है कि जब से सार्थक ने स्कूल में टॉप किया तभी से प्रधानाचार्य विवेक कुमार पांडेय और शिक्षिका दीपिका पांडेय उससे भेदभाव करने लगे। उन्हें लगता है, एक ठेला चलाने वाले का बेटा आखिर स्कूल में कैसे टॉप कर सकता है?
सार्थक के ब्रेन का हुआ है ऑपरेशन
स्कूल में प्रवेश के दौरान मासूम के माता-पिता ने प्रबंधन को यह बताया था कि सार्थक को बचपन से ही ब्रेन की समस्या है। उसके ब्रेन का ऑपरेशन भी हो चुका है। यह जानते हुए भी दोनों ने मिलकर मासूम की पिटाई की।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डस्ट टू क्राउन स्कूल प्रधानाचार्य विवेक कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यालय में गिरने की वजह से बच्चे को चोटें आई हैं। कोई मारपीट बच्चे के साथ नहीं हुई है। बच्चा नियमित विद्यालय आकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। जांच में यथासंभव सहयोग किया जाएगा।