फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   siddarthnagar will progress like bullet train : CM

बुलेट ट्रेन की गति से आगे बढ़ेगा सिद्धार्थनगर: सीएम

Wed, 01 Feb 2023 11:39 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Wed, 01 Feb 2023 11:39 PM IST
विज्ञापन
siddarthnagar will progress like bullet train : CM
सिद्धार्थनगर महोत्सव में महात्मा बुद्ध की मूर्ति पर माल्यार्पण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यना - फोटो : SIDDHARTHNAGAR
बुलेट ट्रेन की गति से आगे बढ़ेगा सिद्धार्थनगर: सीएम
विज्ञापन

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सिद्धार्थ नगर जिले के भरपूर विकास का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर इसकी पहचान फिर से स्थापित हो रही है। लोगों का पलायन रुका है। औद्योगिक निवेश की शुरुआत हुई है। आने वाले समय में यह जिला बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढे़गा। मुख्यमंत्री बुधवार को बीएसए मैदान में आयोजित पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने ने कहा कि पूरी दुनिया में करुणा और मैत्री के प्रतीक भगवान बुद्ध ने अपने बचपन और युवावस्था के 29 वर्ष जहां व्यतीत किए थे, आज वह नाम सिद्धार्थनगर के रूप में हम सभी के सामने है। जिस जनपद ने वैश्विक मंच पर देश को पहचान दिलाई, एक समय उसी के सामने स्वयं की पहचान का संकट खड़ा हो गया था। बीमारी और पलायन की वजह से यह जिला जाना जाने लगा था। वर्ष 2017 के बाद जो विकास कार्य यहां प्रारंभ हुए, आज वही दिखाई दे रहे हैं। नीति आयोग के पैरामीटर पर यह जिला विकास की ओर निरंतर बढ़ रहा है।
विज्ञापन

800 करोड़ का होगा निवेश
10 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट करेंगे। प्रदेश के 75 जनपदों के साथ ही सिद्धार्थनगर के व्यापारी और उद्यमी भी निवेश की घोषणा करेंगे। जब यहां 800 करोड़ रुपये का निवेश होगा तो यह आकांक्षी जनपद अन्य जनपदों की तरह विकसित होगा। यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। राष्ट्रवाद और सेवा के प्रति समर्पित माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर स्थापित मेडिकल कॉलेज कुछ ही समय बाद अपने उत्तम स्वास्थ्य मानकों की वजह से महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रगतिशील किसान हुए सम्मानित
कालानमक धान की खेती एवं चावल के निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अभिषेक सिंह, विजय मिश्र, श्रीधर पांडेय को सम्मानित किया गया। ओडीओपी जोन में कालानमक चावल का सबसे अच्छा लोगो बनाने के लिए हाईस्कूल के छात्र रमेश पासवान को सम्मानित किया गया। इस मौके पर निर्यात की दृष्टि से बुद्धा रत्न चावल का विमोचन किया गया।
इन्होंने की शिरकत
समारोह में सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्यामधनी राही व विनय वर्मा, विधायक अंकुर राज तिवारी, एमएलसी सुभाष यदुवंश, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, शिक्षक विधायक ध्रुव त्रिपाठी, पूर्व मंत्री जयप्रताप सिंह व डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा गोविंद माधव, जिला प्रभारी रामजियावन मौर्य, जिलाधिकारी संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के अलावा एनआरआई उद्यमी काजी मुख्तार अहमद, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष भनवापुर लालजी शुक्ल, कन्हैया पासवान, ओंकार पांडेय, शिव कुमार वर्मा उपस्थित थे। समारोह का संचालन नीतेश पांडेय ने किया।
महोत्सव में अंतिम दिन नजर आए भाजपाई
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव में बुधवार को पांचवें व अंतिम दिन जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ तो महोत्सव स्थल पर भाजपा के पदाधिकारी व काफी सख्या में कार्यकर्ता नजर आए। हालांकि, महोत्सव के दौरान सांसद जगदंबिका पाल, विधायक श्यामधनी राही एवं अपना दल एस के विधायक विनय वर्मा नियमित रूप से उपस्थित रहे।
इस बार महोत्सव शुरू होने से पहले ही प्रवेश पास को लेकर भाजपा के जिला पदाधिकारी और सीडीओ जयेंद्र कुमार के बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप में महोत्सव के बहिष्कार का मैसेज वायरल होने लगा। फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने की सूचना के बाद उन्होंने ग्रुप में ही बहिष्कार के वापसी की घोषणा की, लेकिन भाजपा की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन से दूरी बना ली थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने ग्रुप में प्रवेश पास के मामले में एक अधिकारी पर 350 प्रवेश पास अपने करीबियों के देने के आरोप लगाए। महोत्सव के दौरान खाली कुर्सियों, अन्य अव्यवस्था के साथ आरोप के मैसेज वायरल होते रहे।
मना करने के बाद भी लगाते रहे नारे
महोत्सव के दौरान जैसे ही सीएम योगी आदित्यानाथ मंच के सामने पहुंचे तो पंडाल में बैठे लोग योगी मोदी के नारे लगाने लगे। उसके बाद विधायक विनय वर्मा और पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने बारी बारी से खड़े होकर लोगों को शांत होने की अपील की, लेकिन नारे लगते रहे। फिर सांसद जगदंबिका पाल ने भी लोगों को शांत होने को कहा तो किसी तरह लोग मान गए। यह नारेबाजी चर्चा की विषय बन गई। उसके बाद मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय के साथ बोलना शुरू किया, उन्होंने वंदे बोला तो उपस्थित लोग उत्साह पूर्वक मातरम बोलते रहे।
हे कपिलवस्तु की पुण्यभूमि
शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ के छात्र-छात्राओं ने हे कपिलवस्तु की पुण्यभूमि .. गीत गाकर महात्मा बुद्ध के शांत का संदेश दिया। ठंड के मौसम में भी काफी संख्या में लोग उपस्थित हुए। पंडाल में अंतिम दिन पहली बार सभी कुर्सियां भरी नजर आई।
सीएम से मिलने की जिद पर अड़ी महिला तो प्रशासन को छूटा पसीना
- सीएम की नहीं पड़ी नजर, किसी तरह मंच से दूर ले जाया गया
फोटो--
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीएम योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन शुरू होते ही एक फरियादी महिला ने हंगामा करने से प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। वह अपने शिकायती पत्र के साथ सीएम से मिलने की जिद पर अड़ गई। सुरक्षा में तैनान पुलिसकर्मी जब उसे रोकने लगे तो वह मानने को तैयार नहीं हो रही थी, जिसके बाद मंच के पास मौजूद प्रशासन के लोग उसे रोकने में जुट गए। हालांकि, यह सारा वाकया मंच के दाई ओर चल रहा था इसलिए सीएम की नजर उस महिला पर नहीं पड़ी और वे अपना संबोधन करते रहे। महिला सुरक्षाकर्मियों की मदद से महिला को किसी तरह से दूर ले जाया और सीएम के कार्यक्रम में कोई व्यवधान नहीं होने पाया। हालांकि, वह महिला अपनी बात नहीं कह पाई, सिपाहियों ने उसे हटाया तो उसी दौरान उसका ज्ञापन भी फट गया।

महिला के पास मौजूद शिकायती पत्र के अनुसार उसका नाम शीला है और वह इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर की रहने वाली है। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसके ससुराल वालों से उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया है। जिसके बाद उसने न्याय के लिए कोर्ट में मुकदमा किया है, जो अभी चल रहा है। इस बीच ससुरालवालों ने पुलिस से मिलीभगत कर उसकी मां समेत अन्य परिजनों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश की है। उच्चाधिकारियों से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई गई लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कार्यक्रम के दौरान महिला कहती रही कि पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से उसे न्याय की उम्मीद नहीं है, वह योगी जी से बात करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed