UP: मुंबई-दिल्ली और पहाड़ी इलाकों के लिए ट्रेनों में मारामारी, एक मिनट में फुल हो जा रहा तत्काल का कोटा
भीषण गर्मी में अधिकांश लोग पहाड़ों का रूख कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में मुंबई, दिल्ली के बाद सबसे अधिक भीड़ काठगोदाम और बाघ एक्सप्रेस में हो रही है। इन दोनों ट्रेनों में जगह न मिलने की वजह से हर दिन 400 से अधिक टिकट कैंसिल हो रहे हैं।
विस्तार
गोरखपुर से मुंबई, दिल्ली और पहाड़ी इलाकों में जाने का प्लान बना चुके लोग परेशान हैं। यहां जाने वाली ट्रेनों में टिकटों के लिए मारामारी है। 19 जून तक टिकट उपलब्ध नहीं है। स्थिति ऐसी है कि वेटिंग टिकट तक नहीं मिल पा रहा है। मुंबई जाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने ग्रीष्मकालीन ट्रेनें भी चलाई हैं, इसके बाद भी यात्रियों को राहत नहीं मिली। बताया जा रहा है कि 15 जुलाई तक हालात ऐसे ही रहेंगे।
कुशीनगर सुपर फास्ट (22537), मुंबई लोक मान्य टर्मिनस (20104) और गोरखधाम (12556) एक्सप्रेस गोरखपुर जंक्शन से बन कर चलती है। इन सभी ट्रेनों में 22 कोच लगाए गए हैं। इन ट्रेनों में 300 से अधिक की वेटिंग पहुंच जा रही है, जिसकी वजह से हर दिन 250 से अधिक टिकट रद किए जा रहे हैं।
इन तीनों ट्रेनों में 19 जून तक सभी श्रेणी के टिकट फुल हो चुके हैं। अब टिकट के लिए पहुंचने वाले यात्रियों को नो रूम बताया जा रहा है। गोरखधाम एक्सप्रेस के हर दिन 300 से अधिक वेटिंग टिकट कैंसिल किए जा रहे हैं। यही हाल मुंबई लोक मान्य टर्मिनस का भी है।
इसे भी पढ़ें: कलयुग का हैवान: गुमसुम थी बेटी, जब बोली तो पता चला शिक्षक ने किया है दुष्कर्म
काउंटर से तत्काल का केवल एक टिकट हो पा रहा बुक
आरक्षण काउंटर पर मुंबई और दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भीड़ सबसे अधिक है। भोर से ही लाइन में लगने के बाद भी यात्रियों के हाथ निराशा लग रही है। सुबह 10 बजे जैसे ही तत्काल टिकट के लिए काउंटर पर यात्री जा रहे हैं, 10 बजकर एक मिनट तक काउंटर से केवल एक यात्री को ही टिकट मिल पा रहा है। महज 60 सेकेंड के अंदर ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक हो जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: अचानक बाहर चले गए जीडीए उपाध्यक्ष, नहीं खुल सकी डाॅ. शंकर रे की क्लीनिक
काठगोदाम और दून एक्सप्रेस के हर दिन 400 टिकट हो रहे कैंसिल
भीषण गर्मी में अधिकांश लोग पहाड़ों का रूख कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में मुंबई, दिल्ली के बाद सबसे अधिक भीड़ काठगोदाम और बाघ एक्सप्रेस में हो रही है। इन दोनों ट्रेनों में जगह न मिलने की वजह से हर दिन 400 से अधिक टिकट कैंसिल हो रहे हैं। काठगोदाम जाने वाली मात्र एक ट्रेन बाघ एक्सप्रेस हावड़ा से पहले ही पूरी तरह से पैक होकर चलती है। जबकि, गोरखपुर से देहरादून जाने वाली सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को चलती है।
इस ट्रेन की स्थिति ऐसी है कि इस समय 25 से 30 गुना सीट की डिमांड है। इसके अलावा राप्तीनगर गंगा एक्सप्रेस जो देहरादून तक जाती है, उसकी भी स्थिति बेहद खराब है। इन तीनों ट्रेनों में किसी भी श्रेणी में यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है।
इसे भी पढ़ें: पुलिस की दबिश में किसान की मौत: पीड़ित परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी व 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग
कंफर्म टिकट पर भी स्लीपर कोच में घुसना मुश्किल
पूर्वोत्तर रेलवे सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मुंबई जाने वाली ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। यात्रियों की संख्या अधिक है। इसे देखते हुए ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।