{"_id":"5f92b0b98ebc3ec5f12523d3","slug":"sdm-ssb-customs-department-raided-and-recovered-foreign-cosmetic-material-in-nautanwa-maharajganj","type":"story","status":"publish","title_hn":"घर में रखा गया था लाखों रुपये का विदेशी कॉस्मेटिक सामान, ऐसे हुआ खुलासा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घर में रखा गया था लाखों रुपये का विदेशी कॉस्मेटिक सामान, ऐसे हुआ खुलासा
Fri, 23 Oct 2020 04:00 PM IST
vivek shukla
संवाद न्यूज एजेंसी, महराजगंज।
संवाद न्यूज एजेंसी, महराजगंज।
Published by: vivek shukla
Updated Fri, 23 Oct 2020 04:00 PM IST
विज्ञापन
मौके पर मौजूद अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नौतनवां कस्बे के जयहिंद चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर में उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार एवं क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने एसएसबी एवं कस्टम विभाग की संयुक्त टीम के साथ एक घर में छापा डाला। जहां डंप किया गया विदेशी कॉस्मेटिक सामानों का जखीरा बरामद हुआ। वहीं मौके से कई एक्सपायरी सामान भी मिले हैं, जिसे जब्त कर दिया गया। एसडीएम के मुताबिक सामान स्वामी के विरुद्ध फर्जीवाड़ा के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे बीस लाख के जमानत मुचलके से भी पाबंद किया जाएगा।
विज्ञापन
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शास्त्री नगर वार्ड निवासी एक व्यक्ति के घर में नेपाल से लाया गया कई लाख का कॉस्मेटिक सामान रखा गया है। उन्होंने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए जब टीम के साथ छापा डाला गया तो वहां कुछ महिलाएं देशी व विदेशी एक्सपायरी कॉस्मेटिक सामानों के रैपर में फेरबदल करती हुई मिली।
विज्ञापन
इसके बाद वहां बने गोदाम का ताला खोला गया तो नेपाल निर्मित फेयरनेस क्रीम, हेयर कलर, फेस क्रीम, परफ्यूम, टूथ पेस्ट, शूज पॉलिश सहित विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक सामग्रियों की बरामदगी हुई। जिसकी कीमत करीब पचास लाख से अधिक रुपयों में आंकी जा रही है।
विज्ञापन
नौतनवां एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि मौके से सामान का स्वामी पकड़ में नहीं आया है। उसके खिलाफ फर्जीवाड़ा समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसे बीस लाख के जमानत मुचलके से पाबंद करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल बरामद सामान को कस्टम एवं पुलिस विभाग अपने कब्जे में लेकर गिनती व अन्य कागजी कार्रवाई कर रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद खुलासा किया जाएगा।