रेल बजट: सहजनवां-दोहरीघाट व खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन बनाने में आएगी तेजी
पूर्वोत्तर रेलवे को मिला 6305 करोड़ का बजट, पिछले बजट से 41 फीसदी ज्यादा, सबसे अधिक 2192 करोड़ दोहरीकरण व तीसरी लाइन के लिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बजट 2022-23 में पूर्वोत्तर रेलवे के हिस्से में 6305 करोड़ रुपये आए हैं। यह बजट, पिछले वर्ष मिले 4467 करोड़ की तुलना में 41 फीसदी ज्यादा है। सबसे ज्यादा बजट नई रेल लाइन परियोजनाओं को पूरा करने, दोहरीकरण और ट्रैक की मरम्मत के लिए मिला है। इससे सहजनवां-दोहरीघाट और खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन का काम अब तेजी से पूरा होगा। वहीं, रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी।
बजट में नई रेल लाइन के लिए 535 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे नई रेल लाइन के निर्माण का काम तेजी से पूरा होगा। संरक्षा को और मजबूत करने के लिए ट्रैक मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 370 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे जर्जर पटरियां बदली जाएंगी और जरूरत के हिसाब से मरम्मत भी की जाएगी।
इसके अलावा यात्री सुविधाओं का भी खास ख्याल रखा गया है। यात्री सुविधाओं के लिए इस बार 512 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस बजट से स्टेशनों पर स्वचालित सीढ़ियां, लिफ्ट, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय और खानपान की व्यवस्था की जाएगी।
भूमि अधिग्रहण होगा तेज
गोरखपुर की सहजनवां-दोहरीघाट रेल लाइन का काम अब तेजी से होगा। बजट आने से भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से होगा। सहजनवां से दोहरीघाट के बीच 12 स्टेशन बनाए जाने हैं। इसमें एक जंक्शन, सात क्रासिंग स्टेशन और चार हाल्ट स्टेशन हैं। इसमें सहजनवां, खजनी, उनवल, बांसगांव, गोला बाजार, बड़हलगंज, दोहरीघाट स्टेशन शामिल है। इस परियोजना के पूरा होने से गोरखपुर से बनारस की दूरी 30 किलोमीटर कम हो जाएगी। अब बजट में नई रेल लाइनों के लिए 535 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने से इस काम को और रफ्तार मिलेगी। इस लाइन के साथ ही खलीलाबाद-श्रावस्ती-बहराइच नई रेल लाइन के भी काम में तेजी आएगी। इस लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
डोमिनगढ़-कुसम्ही तीसरी लाइन निर्माण होगा तेज
डोमिनगढ़ से कुसम्ही के बीच करीब 16 किमी लंबी तीसरी लाइन बिछाने का काम तेज हो जाएगा। रेल बजट में इसके लिए भी धन मिला है। इस वर्ष दिसंबर तक इस कार्य को पूरा करना है। इसके बनने से गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेनों का भार कम हो जाएगा। वहीं, आउटर पर ट्रेनें खड़ी नहीं होगी।
रेल दोहरीकरण के काम में आएगी तेजी
दोहरीकरण की विभिन्न परियोजनाओं-छपरा-बलिया, गाजीपुर सिटी-औंड़िहार, माधोसिंह-प्रयागराज, फेफना-इंदारा, मऊ-शाहगंज, भटनी-औंड़िहार, औंड़िहार-जौनपुर, मल्हौर-डालीगंज, गोरखपुर कैंट-बाल्मिकी नगर, गोरखपुर-नकहा जंगल, डोमिनगढ़-कुसम्ही तीसरी लाइन, बुढ़वल-गोंडा तीसरी लाइन के लिए कुल 2192 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इससे इस काम में भी तेजी आएगी।
512 करोड़ से बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
यात्री सुविधाओं के मद में इस बार पिछली बार की अपेक्षा 30 फीसदी अधिक बजट आवंटित किया गया है। 512 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे स्टेशनों पर स्वचालित सीढ़ियां, लिफ्ट, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय और खानपान यूनिट की सुविधाएं अधिक से अधिक स्टेशनों पर मिल सकेंगी।पूर्वोत्तर रेलवे को मिला बजट
कार्य बजट- नई रेल लाइन निर्माण 535 करोड़
- डबलिंग-ट्रिपल लाइन 2192 करोड़
- आमान परिवर्तन 262 करोड़
- रेललाइन के नवीनीकरण के लिए 370 करोड़
- आरओबी व आरयूबी निर्माण के लिए 331 करोड़
- समपारों के बेहतर रख-रखाव 103 करोड़
- पुलों के सुदृणीकरण 100 करोड़
- सिगनल व दूर संचार 69.5 करोड़
- अन्य विद्युत कार्य 924 करोड़
- कम्प्यूटरीकरण 3.65 करोड़
- रोलिंग स्टॉक 127 करोड़
- लीज्ड परिसंपतियों के लिए 552 करोड़
- यात्री सुविधाओं के लिए 512.23 करोड़
- कर्मचारी कल्याण के लिए 15.33 करोड़
- कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए 7.5 करोड़