टप्पेबाजी पर नकेल: 2 लुटेरे गिरफ्तार, घर से निकलें तो रहें सतर्क, छिनैती करने वालों पर हैं 'खाकी' की निगाहें
गोरखपुर में पिछले दिनों छिनैती और टप्पेबाजी की घटना होने से पुलिस खासी सतर्क है। इसी दौरान शहर के शास्त्री चौक इलाके से लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लंबे समय बाद गलरिहा में ऑटो में टप्पेबाजी की घटना अंजाम दी गई। वहीं, पिछले दिनों गोरखनाथ और शाहपुर इलाके में छिनैती हुई थी। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि लंबे समय बाद टप्पेबाजी की शिकायत सामने आई है। शास्त्री चौक पर हुई लूट का खुलासा 24 घंटे के भीतर कर जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
जानकारी के अनुसार, बेलीपार क्षेत्र के मारवाड़ी कुंआ चनऊर निवासी जयहिंद की पत्नी अनीता अकेले बुधवार को घर से पनियरा क्षेत्र के मुजुरी स्थित मायके जा रही थीं।
दोपहर में वह धर्मशाला ऑटो स्टैंड पर पहुंच कर मुजुरी जाने वाले ऑटो में बैठीं। इसमें तीन यात्री पहले से बैठे थे। ऑटो महराजगंज चौराहे पर पहुंचा तो उसमें तीन महिलाएं और एक किशोरी भी सवार हो गईं। पीड़िता के अनुसार, महिलाएं रास्ते भर उन्हें परेशान कर रही थीं। मलंग स्थान एवं टिकरिया चौराहे के बीच चारों ऑटो से उतर गईं।
टिकरिया चौराहे पर पहुंचने पर देखा कि चेन गले में नहीं थी। ऑटो चालक को यह बात बताई तो वह महिला को लेकर मलंग स्थान चौराहे तक जाकर चारों महिलाओं की तलाश की। इसके बाद पीड़िता ने कॉल कर भाई को बुलाकर सरहरी चौकी पर पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी।
गोरखनाथ और शाहपुर इलाके में हुई थी छिनैती
पिपराइच की सृष्टि श्रीवास्तव पादरी बाजार नंद नगर काॅलोनी में किराये के कमरे में रहती हैं। पिपराइच के एक स्कूल में पढ़ते हुए वह बच्चों को कोचिंग पढ़ाती हैं। सोमवार अपराह्न 3:30 बजे सृष्टि ऑटो से शाहपुर क्षेत्र के पादरी बाजार पहुंचीं। इसके बाद पैदल कमरे में जाने लगीं।
इस दौरान अचानक पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने फोन छीन लिया और भाग गए। वहीं, हुमायूंपुर निवासी सावित्री शर्मा दो दिन पहले करीब चार बजे वह चार वर्षीय बेटे गर्वित के साथ पैदल ही घर लौट रहीं थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
कैंट पुलिस ने देवरिया के गौरीबाजार रामपुर सोहरौना निवासी रेशमा देवी से लूटपाट के दो लुटेरों को बुधवार को कचहरी रोड से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान राजघाट के लालडिग्गी निवासी शनि उर्फ मंगूरू, कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक निवासी विक्रम डोम के रूप में हुई। आरोपियों के पास से लूटे गए गहने बरामद किए गए हैं।
घर से निकलें तो आप भी रखें खासा ध्यान
एसपी सिटी ने खास तौर पर महिलाओं से अपील की है कि वो भी घर से निकलें और अकेले ऑटो या रिक्शा से कहीं जा रही हैं,तो थोड़ा सतर्क रहें। उन्हें बाहर सार्वजनिक स्थलों पर भारी आभूषण पहनकर सामान्य तौर से परहेज करना चाहिए। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की गाड़ी पर बैठते और उतरते समय अपने कीमती सामानों को ध्यान रखें। अंजान या अजनबी से सफर के दौरान मेलजोल न बढ़ाएं। पुलिस की टीमें खासतौर पर ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।