गोरखपुर में हादसा: स्कूल परिसर में प्रधान सीख रहा था कार, आठ बच्चों पर चढ़ा दी; दो की हालत गंभीर
खोराबार थानाक्षेत्र के रामपुर में स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में कार सीख रहे प्रधान लाल बचन की लापरवाही से कई बच्चे दुर्घटना के शिकार हो गए। सभी बच्चों को सीएचसी खोराबार में ले जाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में खोराबार इलाके के रामपुर गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में बुधवार दोपहर 12 बजे कार ड्राइविंग सीखने के दौरान हादसा हो गया। ड्राइविंग सीख रहे प्रधान की कार ने आठ स्कूली बच्चों को चपेट में ले लिया। घायल बच्चों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।मामले में प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कर गया है।
घटना की सूचना पर एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी प्रधान को हिरासत में ले लिया है। उधर, डीएम कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने अस्पताल में बच्चों से मुलाकात कर हाल जाना।
जानकारी के मुताबिक, कंपोजिट विद्यालय में शौचालय की टंकी बन रही है। रामपुर डाढ़ी गांव का प्रधान लालबचन निषाद खुद अपनी देखरेख में निर्माण करा रहा था। इस दौरान प्रधान का बेटा अपनी कार से मिड-डे मील लेकर पहुंचा। उसने स्कूल परिसर में ही कार खड़ी कर दी और खाना देने अंदर चला गया।
एएसपी मानुष पारीक भी मौके पर पहुंचे हैं। एक लड़की की हालत गंभीर है। प्रधान स्कूल में शौचालय की टंकी बनवा रहा था। ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से हादसा हुआ है। पुलिस ने प्रधान को हिरासत में लिया है।
इसी बीच प्रधान कार चलाने की कोशिश करने लगा, जबकि उसे ड्राइविंग नहीं आती है। कार का अगला हिस्सा स्कूल गेट की तरफ था। कार के ठीक पीछे स्कूल के मैदान में धूप में बैठकर बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। प्रधान ने कार स्टार्ट कर दी, लेकिन उसने पहले गियर की जगह गलती से बैक गियर लगा दिया। एक्सिलरेटर छोड़ते ही कार पीछे की तरफ जाने लगी।
इसी बीच प्रधान ने ब्रेक की जगह एक्सिलरेटर दबा दिया, जिससे तेज रफ्तार कार ने बच्चों को चपेट में ले लिया। आठ बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों प्रीति और प्रवीण की हालत नाजुक बनी हुई है।
कक्षा तीन के प्रवीण पुत्र गंगा बिशुन रामपुर डाढ़ी खोराबार, देव पुत्र दिलीप रामपुर डाढ़ी खोराबार और प्रियंका पुत्री रविंद्र, रामपुर डाढ़ी खोराबार, कक्षा चार की साक्षी पुत्री सत्यनारायण रामपुर डाढ़ी खोराबार, अनुष्का पुत्री अजीत नौका टोली खोराबार, रागिनी पुत्री रामकेश नौका टोली खोराबार, मानसी पुत्री धर्मवीर गहिरा खोराबार और प्रीति पुत्री अर्जुन, रामपुर डाढ़ी खोराबार।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि कार से हादसा हुआ है। आरोपी प्रधान को हिरासत में लिया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।