Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Pollution is highest in GIDA; AQI recorded at 271 on November 13 as well.

Gorakhpur News: दिवाली के पांच दिन बाद भी नहीं सुधरी हवा, गोलघर में एक्यूआई दोगुना

Sat, 14 Nov 2026 02:50 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 02:50 AM IST
विज्ञापन
Pollution is highest in GIDA; AQI recorded at 271 on November 13 as well.
- गीडा में प्रदूषण सबसे अधिक, 13 नवंबर को भी एक्यूआई 271 दर्ज
विज्ञापन


- एमएमएमयूटी में 65 से बढ़कर 109 और गोलघर में 82 से 161 पहुंचा एक्यूआई



गोरखपुर। दिवाली पर आतिशबाजी से बिगड़ी शहर की हवा त्योहार के पांच दिन बाद भी नहीं सुधरी है। औद्योगिक क्षेत्र गीडा का प्रदूषण स्तर अभी भी सबसे अधिक बना हुआ है। शहर के प्रमुख इलाके गोलघर में एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) दिवाली के पहले के मुकाबले शुक्रवार को दोगुना दर्ज किया गया। आवासीय क्षेत्र एमएमएमयूटी में हवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार, सात नवंबर को गीडा में एक्यूआई 149 था जो 10 नवंबर को बढ़कर 274 पहुंच गया। 13 नवंबर को भी यह 271 दर्ज किया गया। यानी दिवाली से पांच दिन बाद भी यहां प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इसी दिन पीएम-10 का स्तर 321.32 दर्ज किया गया।
विज्ञापन


गोलघर में प्रदूषण बढ़ने का ग्राफ और तेजी से ऊपर गया। यहां सात नवंबर को एक्यूआई 82 था जो दिवाली के दिन 124 और 10 नवंबर को 209 पहुंच गया। 12 नवंबर को इसमें गिरावट आई और यह 133 दर्ज हुआ लेकिन 13 नवंबर को फिर बढ़कर 161 हो गया। सात नवंबर के मुकाबले यह लगभग दोगुना है। पीएम-10 का स्तर भी 82.42 से बढ़कर 13 नवंबर को 191.54 पहुंच गया। एमएमएमयूटी में सात नवंबर को एक्यूआई 65 था। 10 नवंबर को यह 134 पहुंचा और 13 नवंबर को भी 109 दर्ज किया गया। यानी आवासीय क्षेत्र की हवा में भी सुधार नहीं हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन




क्या है पीएम-10

पीएम-10 (पर्टिकुलेट मैटर-10) हवा में मौजूद 10 माइक्रोमीटर या उससे छोटे आकार के धूल और प्रदूषण के कण होते हैं। ये सड़क की धूल, निर्माण कार्य, वाहनों के धुएं और औद्योगिक गतिविधियों से पैदा होते हैं। सांस के जरिये शरीर में पहुंचकर ये फेफड़ों को प्रभावित कर सकते हैं और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ा सकते हैं।



हवा की बिगड़ती सेहत कहीं बिगाड़ ने दे आपका स्वास्थ्य...रखें ध्यान

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके सुमन के मुताबिक, एक्यूआई का का स्तर बढ़ने पर लोगों को सुबह और शाम के समय खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा, एलर्जी व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या आंखों में जलन होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।



इन उपायों को भी अपनाएं

- बाहर निकलते समय मास्क पहनें।

- सड़क किनारे, निर्माण स्थलों और अधिक ट्रैफिक वाले इलाकों में जाने से बचें।

- घर के अंदर अगरबत्ती, धूप और कूड़ा जलाने से भी बचें।



अलर्ट : अस्पतालों में बढ़े मरीज

प्रदूषण बढ़ने के कारण अस्पतालों में सांस और अस्थमा के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। दिवाली के बाद से एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 250 से 300 मरीज पहुंच रहे हैं। इसके पहले यह संख्या करीब 200 थी।

-----------------

मौसम ने बदला मिजाज, कल के बाद ठंड व कोहरा बढ़ने के आसार

अमर उजाला ब्यूरो

गोरखपुर। मौसम में ठंड बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। फिलहाल दिन में हल्की ठंडक है जबकि रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि अगले सप्ताह से रात के पारे में गिरावट आने का अनुमान है। शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। शाम होते-होते शहर में धुंध छा गई। इससे मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ा।

शुक्रवार को अधिकतम आर्द्रता 94 और न्यूनतम 64 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार और रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह के समय धुंध छाने के बाद दिन में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है।


मौसम विज्ञान केंद्र उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मौसम में बदलाव 16 नवंबर से दिख सकता है। दिन और रात के पारे में गिरावट आने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14-15 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट वर्षा के आसार हैं। इसके बाद उत्तरी-पश्चिमी हवा का प्रभाव बढ़ेगा और 16 नवंबर से पारे में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंड के साथ ही कोहरे में बढ़ोतरी के आसार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed