Gorakhpur News: किशोरी की मौत मामले में मकान मालिक की भूमिका जांच रही पुलिस, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि किशोरी की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है। पुलिस एक-एक पहलू पर गहराई से जांच कर रही है। हत्या व दुष्कर्म की धारा में आरोपी बनाए गए मकान मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही पुलिस मौत की गुत्थी को सुलझा लेगी। परिजनों ने किशोरी का दाह संस्कार कर दिया है।
विस्तार
गोरखपुर जिले के गोरखनाथ इलाके में किराए के मकान में 16 वर्षीय किशोरी की मौत मामले में पुलिस मकान मालिक की भूमिका की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान मालिक की भूमिका संदिग्ध थी। पहले भी उसने कई बार अश्लील हरकत की थी, लेकिन इसकी शिकायत पुलिस में कभी नहीं की गई। अब पुलिस इसी को समझना चाहती है कि आखिर पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की गई। स्थानीय स्तर पर पंचायत हुई तो परिजन क्यों मान गए। पुलिस का मानना है कि इन सवालों के जवाब मिलने के और मकान मालिक की रविवार की गतिविधि सामने आने के बाद केस की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
उधर, मंगलवार सुबह ही परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में किशोरी का दाह संस्कार कर दिया। सोमवार आधी रात के बाद एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। करीब डेढ़ घंटे तक एसएसपी ने पीड़ित परिवार के दर्द को साझा किया और फिर एफआईआर की कॉपी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी थी। एसएसपी से बातचीत के बाद ही परिजन संतुष्ट हो गए थे और फिर मंगलवार सुबह शांतिपूर्वक दाह संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात में मकान मालिक ने किशोरी के खुदकुशी की जानकारी पुलिस को दी थी। दोपहर में ही वह फंदे से लटक गई थी। आमतौर पर मकान मालिक सुबह या फिर रात में ही किराए के लिए आता था, क्योंकि सभी किराएदार मजदूरी करते हैं और दिन में दिहाड़ी पर भी रहते थे। यानी रविवार को किशोरी घर में अकेली थी। ऐसे में मकान मालिक कब गया, वहां से कब निकला जैसै तथ्य अब अहम हो गए है। पुलिस इसी की जांच में जुटी है।
पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट व दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन किशोरी की मौत दम घुटने से हुई है। यही वजह है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक-एक पहलू की जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि किशोरी लटकी या फिर लटकाई गई। अगर लटकी तो ऐसी कौन सी परिस्थिति थी। फिलहाल, पुलिस एक एक बिंदु पर जांच कर मौत का राज सुलझाने की कोशिश कर रही है।
यह हुआ था
25 दिसंबर की रात में किशोरी को मकान मालिक ने फंदे से लटका देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सोमवार को मोर्चरी से लेकर घर तक परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर हत्या व दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मकान मालिक को नामजद आरोपी बनाया है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि किशोरी की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है। पुलिस एक-एक पहलू पर गहराई से जांच कर रही है। हत्या व दुष्कर्म की धारा में आरोपी बनाए गए मकान मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही पुलिस मौत की गुत्थी को सुलझा लेगी। परिजनों ने किशोरी का दाह संस्कार कर दिया है।