गोरखपुर शहर में पुलिस ने पकड़ी नकली शराब के सामान का जखीरा, एक गिरफ्तार
- उप आबकारी आयुक्त के नेतृत्व में विभाग की टीम ने की कार्रवाई, मुकदमा दर्ज
- घर से बोतल के ढक्कन, क्यूआर कोड और नकली रैपर का पकड़ा गया जखीरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर के बेतियाहाता स्थित एक मकान में बृहस्पतिवार को उप आबकारी आयुक्त आरके सिन्हा के नेतृत्व में छापा मार कर आबकारी विभाग की टीम ने नकली शराब तैयार करने के सामान का जखीरा पकड़ा। टीम का दावा है कि पकड़े गए सामान की कीमत 50 लाख रुपए से अधिक होगी। मौके से एक युवक भी गिरफ्तार किया गया, जो इस धंधे का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक विभाग ने उसके खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से नकली शराब के कारोबारियों के एक बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है। उधर पुलिस संबंधित मकान के मालिक से भी पूछताछ कर रही है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर नकली शराब बिक रही है, वो भी देशी से लेकर ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बोतलों में। शराब माफिया इन बोतलों पर जो ढक्कन, बार कोड लगा रहे हैं, वे सब असली से इतना मेल खाते हैं कि उन्हें आसानी से पहचान पाना कठिन है।
बृहस्पतिवार को आबकारी विभाग की टीम ने ब्रांडेड शराब की बोतलों के ऐसे ही ढक्कन और क्यूआर कोड स्टीकरों का जखीरा पकड़ा। विभाग का दावा है कि यदि इन ढक्कन, क्यू आर कोड और नकली रैपर का प्रयोग नकली शराब में होता तो इसकी कीमत 50 लाख से अधिक होती।
सटीक मुखबिरी पर विभाग को मिली सफलता
आबकारी विभाग के अधिकारियों को यह सफलता सटीक मुखबिरी पर मिली। सुबह सूचना मिली कि एक व्यक्ति नकली शराब को लेकर रैपर, क्यूआर कोड, ढक्कन आदि की आपूर्ति करता है। वह आज भी इनकी बड़ी खेप की आपूर्ति करने वाला है। मुखबिर की सूचना पर हुई टीम ने बेतियाहाता स्थित अजय कुमार श्रीवास्तव के मकान पर छापा मारा।
इस दौरान कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र का रहने वाले बबलू खरवार नाम का युवक को पकड़ा गया है। वह स्कूटर से माल आपूर्ति करने के लिए निकल रहा था। छापेमारी में शराब की ब्रांडेड कंपनियों के ढक्कन, रैपर और क्यूआर कोड वाले स्टीकर बरामद किए गए।
उप आबकारी आयुक्त आरके सिन्हा ने इसे बड़ी बरामदगी बताते हुए कहा कि नकली शराब के माफिया पिछले कई सालों से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शराब सरकारी ठेकों पर बेचा करते थे जिससे राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था।
मंडल की सभी दुकानों की भी होगी जांच
तीन साल पहले बस्ती में भी पकड़ा गया था बबलू
पकड़ा गया आरोपी बबलू खरवार पुत्र कन्हैया खरवार नकली शराब के धंधे का पुराना खिलाड़ी है। वह ऐसे ही मामले में तीन साल पहले बस्ती में भी पकड़ा जा चुका है। बबलू बेतियाहाता में अजय कुमार श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहकर अपना धंधा संचालित करता था। हालांकि पुलिस को बबलू ने बताया कि वह सिर्फ पिछले एक महीने से ही इस धंधे में है।
- ये हुआ बरामद
- 48 हजार नकली लेबल
- 3.68 लाख नकली क्यू आर कोड
- 1.20 लाख देसी शराब की बोतल के ढक्कन
- 6 हजार अंग्रेजी शराब की बोतल के ढक्कन
- 5 लीटर स्प्रिट