खुशखबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्तूबर को करेंगे कुशीनगर एयरपोर्ट का लोकार्पण, सीएम योगी ने की तैयारियों की समीक्षा
सीएम योगी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ान की पहली फ्लाइट श्रीलंका से आएगी। श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ ही प्रतिनिधि मंडल भी आएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसकी तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट कोलंबो श्रीलंका से आएगी। इसमें श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ ही 115 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आएगा। इसमें बौद्ध भिक्षु रहेंगे। प्रधानमंत्री कुशीनगर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में कुशीनगर के सांसद, विधायक के साथ ही पार्टी की क्षेत्रीय व जिला इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट व हवाई सेवा का लोकार्पण करेंगे। सीएम ने कहा कि भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर से अंतरराष्ट्रीय उड़ान का पल एतिहासिक रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान जनसभा के लिए स्थान और अन्य व्यवस्था की चर्चा की। मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे रविंद्र गौड़ और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को शनिवार को कुशीनगर जाकर व्यवस्था देखने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि 12 या 13 अक्तूबर को खुद आकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां परखेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, देवरिया के सांसद डा रमापति राम त्रिपाठी, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र मिश्र, विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, रजनीकांत मणि त्रिपाठी, पवन केडिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, क्षेत्रीय मंत्री मोहन चौहान, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र मौजूद रहे।
जनसभा में एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य
कुशीनगर एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री जनसभा भी करेंगे। इसमें एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, क्योंकि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गोरखपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री का यह पहला कार्यक्रम होगा। इस क्षेत्र में विधानसभा की 62 सीटें हैं, जो गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों से जुड़ी हैं।
प्रधानमंत्री के गोरखपुर आने का कार्यक्रम फिलहाल टला
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण की तारीख तय होने के साथ ही प्रधानमंत्री के गोरखपुर आने का कार्यक्रम फिलहाल टल गया है। प्रधानमंत्री को 18 अक्तूबर को ही खाद कारखाना व एम्स का लोकार्पण करना था लेकिन तैयारियां पूरी नहीं थीं। खाद कारखाना और एम्स अभी पूरी तरह से नहीं बन पाया है। लिहाजा, कार्यक्रम टाल दिया गया।