कोरोना पर वार: 32 बूथों पर केवल 6223 को ही लग सका टीका, सुस्त पड़ी टीकाकरण की रफ्तार
वैक्सीन की कमी के कारण सुस्त पड़ी टीकाकरण की रफ्तार, जिले को मिली कोविशील्ड की 20 हजार डोज, कोवैक्सीन की पांच हजार डोज आज मिलने की उम्मीद।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैक्सीन की कमी के कारण बुधवार को जिले में टीकाकरण की रफ्तार सुस्त रही। जिले में बनाए गए 32 बूथों सिर्फ 6223 लोगों को ही टीका लगाया जा सका। इसमें 4468 को पहली व 1755 को दूसरी डोज लगाई गई। अन्य बूथों पर वैक्सीन ही नहीं पहुंची।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को टीकाकरण की शुरुआत सुबह 10 बजे से हुई। इस बीच बूथों पर बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंच गए। लेकिन बूथों पर वैक्सीन न पहुंचने से लोग निराश होकर लौट गए। मोहद्दीपुर से लेकर झरना टोला, तारामंडल के बूथों पर जब लोगों को वैक्सीन नहीं मिली, तो लोग जिला अस्पताल के बूथों पर उमड़ पड़े। इस कारण यहां जबरदस्त भीड़ रही।
हालांकि राहत की बात यह है कि बृहस्पतिवार को टीकाकरण में कोई दिक्कत नहीं आएगी। गोरखपुर-बस्ती मंडल के लिए बुधवार को 87 हजार डोज कोविशील्ड मिल गई है। इसमें 20 हजार डोज गोरखपुर जिले के लिए है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को पांच हजार डोज कोवैक्सीन की भी मिलने की उम्मीद है। बताया कि टीके की कुछ कमी की वजह से लक्ष्य के सापेक्ष लोगों को टीका नहीं लग पा रहा है। जल्द ही पर्याप्त वैक्सीन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसके बाद क्लस्टर अभियान के तहत टीका लगाया जाएगा।
इन जिलों को मिली वैक्सीन
गोरखपुर - 20,000
देवरिया- 12,000
कुशीनगर- 12,000
महराजगंज- 9,000
बस्ती- 13,000
सिद्धार्थनगर- 15,000
संत कबीर नगर- 6,000
नोट: सभी डोज हजार में हैं।
एम्स में टीकाकरण के 100 दिन हुए पूरे
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहे कोविड टीकाकरण अभियान के बुधवार को 100 दिन पूरे हो गए। इन सौ दिनों में एम्स में 23 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। एम्स में कोविड टीकाकरण के सौ दिन पूरे होने पर संस्थान की कार्यकारी निदेशिका प्रो. सुरेखा किशोर ने आयुष भवन में चल रहे टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया।
बताया कि पांच अप्रैल को एम्स के आयुष भवन में कोविड टीकाकरण की शुरुआत की गई थी। अब तक 23 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें 18 वर्ष से लेकर 60 वर्ष से ऊपर के उम्र के लोग शामिल हैं। इस मौके पर डॉ. हीरा भल्ला, तेजस पटेल, विजय लक्ष्मी, डॉ. गौरव गुप्ता, प्रो. हरिशंकर जोशी, प्रो. अजय भारती, डॉ. शशांक शेखर मौजूद रहे।