गोरखपुर में मिले 18 नए कोरोना पॉजिटिव, एक संक्रमित की लखनऊ में हुई मौत
गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को 18 नए केस मिले। जबकि लखनऊ में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मंगलवार को मिले संक्रमितों में शहर के चार, बड़हलगंज के नौ, बेलीपार के दो, खजनी, चरगांवा, पाली के एक-एक मरीज हैं। इसके बाद से जिले में अब तक मिले कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 485 हो गई। इसमें 14 की मौत हो चुकी है। 306 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
शहर में लालडिग्गी निवासी 35 वर्षीय युवक, मिर्जापुर निवासी 44 वर्षीय महिला, बसवनपुर निवासी 23 वर्षीय युवती व नउवा टोला निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिले। इनके अलावा बेलीपार के सोकहना निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति व आठ वर्षीय बच्ची में कोरोना की पुष्टि हुई।
बताया जा रहा है कि गांव में मुंबई से लौटे एक व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने पर इन लोगों का नमूना लिया गया था। पॉली के बड़गो निवासी पांच वर्षीय बच्चे, खजनी के 39 वर्षीय व्यक्ति, चिलुआताल की 30 वर्षीय युवती की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बड़हलगंज के नौ लोग मिले पॉजिटिव
बड़हलगंज क्षेत्र में मंगलवार को नौ लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें चिल्लूपार निवासी 23 वर्षीय युवक, कालीचौरा निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति, शुक्लपुरी निवासी 55 वर्षीय अधेड़, महादेवा निवासी 23 वर्षीय युवक, महुलिया पोयल निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति, एक ही परिवार के तिवारीपुर निवासी 25 वर्षीय युवक और 51 वर्षीय अधेड़, बेइली निवासी 39 और 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विभाग इनके संपर्क में आने वालों की तलाश में जुट गया है।
शुगर, हाइपर टेंशन की शिकायत पर कराया गया था भर्ती
बरडाड़ निवासी मुन्नी देवी की तबीयत खराब होने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें शुगर, हाइपर टेंशन व सीने में दर्द की शिकायत थी। करीब 10 दिन पूर्व कोराना जांच कराई गई, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उनकी लोहिया अस्पताल में मौत हो गई। बताया जाता है कि उनके घर में एक युवक पूर्व में पॉजिटिव आ चुका है।
‘संक्रमितों के परिवारवालों की होगी जांच’
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी। स्वास्थ्य टीम मौके पर भेजी गई है। संपर्क वालों की सूची तैयार कराई जा रही है।