ओमिक्रॉन का खतरा: ओपीडी के संदिग्ध मरीजों की एंटीजन से होगी कोरोना जांच, इन रोगियों पर रखा जाएगा खास ध्यान
नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते केस की वजह से यह फैसला लिया गया है। ऐसे में अब सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटीजन से जांच की व्यवस्था की जाएगी। जबकि गंभीर व सांस के रोगियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने फैसला लिया है कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी के मरीजों की एंटीजन से कोविड जांच कराई जाए। ओपीडी में आने वाले बीमार और सांस के मरीजों की प्राथमिकता के आधार पर एंटीजन से जांच करते हुए आरटीपीसीआर के लिए सैंपल भी भेजे जाएंगे। इसके लिए विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटीजन किट भेजने का फैसला लिया है। विभाग का मानना है कि जांच का दायरा बढ़ने पर सही समय पर संक्रमण का पता चल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, देश भर में ओमिक्रॉन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गोरखपुर जिले में भी कोरोना संक्रमण के चार केस मिल चुके हैं। इन सबके बीच विशेषज्ञ जनवरी और फरवरी के बीच तीसरी लहर की बात कह रहे हैं। सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि इन खतरों को देखते हुए विभाग पहले से जांच का दायरा बढ़ाना चाह रहा है। जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्राथमिकता के आधार पर एंटीजन किट से जांच कराने का फैसला किया गया है।
कोविड के संदिग्ध मरीजों का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए केंद्रों को एंटीजन किट उपलब्ध कराई जाएगी। जिले के सीएचसी और पीएचसी मिलाकर 52 केंद्र ऐसे हैं, जहां पर मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंचते हैं। सीएमओ ने निजी अस्पतालों से अपील की है कि सभी ऑपरेशन से पहले मरीजों की कोरोना जांच हर हाल में कराएं।
ओपीडी में आने वाले मरीजों की कराई जा रही जांच
सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों की भी कोरोना जांच का फैसला लिया गया है। इसमें ऐसे मरीजों को शामिल किया गया है, जिनमें कोरोना के संदिग्ध लक्षण हों। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ राजेश कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन मेडिसिन विभाग की एक ओपीडी में करीब 200 के आसपास मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें करीब 20 प्रतिशत मरीजों की कोविड जांच कराई जा रही है। अब यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।
दस हजार से अधिक लोगों को लगा कोविड का टीका
कोविड टीकाकरण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 227 बूथ बनाए थे। इन बूथों पर 10 हजार से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। छह हजार को दूसरी डोज लगाई गई। पहली डोज के लिए चार हजार से अधिक लोग आगे आए। अब जिले में टीका लगवाने वालों की संख्या 44 लाख 56 हजार से अधिक हो गई है। इनमें 26 लाख 95 हजार को पहली और 17 लाख 93 हजार को दूसरी डोज लगाई गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है, जो लोग अभी टीकाकरण से वंचित हैं, वह बूथों पर पहुंचकर टीका लगवा लें।