कुशीनगर: गला रेतकर चौराहे पर फेंकी गई थी रेहाना, हालत नाजुक
बुधवार तड़के गला रेतकर पखनहां गांव के सुगौली चौराहे पर फेंकी गई थी रेहाना, विवाहिता के मायके में कोई नहीं, सौतेली मां रहती है नेपाल में।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुशीनगर जिले के जटहां बाजार थाना क्षेत्र के पखनहां गांव के सुगौली चौराहे पर मंगलवार की रात हत्या की नीयत से गला रेतकर फेंकी गई 25 वर्षीय नवविवाहिता की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में डॉक्टरों की देखरेख में हो रहा है।
जटहां बाजार थाने के एसओ के खर्च पर युवती का इलाज किया जा रहा है। अभी तक इलाज के लिए उसकी तरफ से कोई नहीं आ सका है। नवविवाहिता के मायके में कोई है। उसकी एक सौतेली मां है, जो इस समय नेपाल में है। पुलिस उससे संपर्क करने में लगी हुई है। उधर, चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जटहां बाजार थाना क्षेत्र के पखनहां गांव के सुगौली चौराहे पर बुधवार तड़के 25 वर्षीया एक नवविवाहिता गंभीर हालत में मिली थी। उसका गला किसी धारधार हथियार से रेता गया था। सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई थी। वह अपना नाम रेहाना निवासी बढ़ेया पिपरपाती थाना निचलौल जनपद महराजगंज बता रही थी।
रेहाना ने मौजूद लोगों को बताया था कि दो वर्ष से वह शादी करके खड्डा थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ रहती थी। बाद में पता चला कि उसके पति की पहले भी शादी हुई है। रेहाना का कहना था कि उसका पति कभी अपने साथ घर में नहीं रखता था। इधर-उधर किराए के कमरे में ही रखता था।
बुधवार तड़के उसके पति और एक और युवक ने उसका गला रेतकर यहां फेंक दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची रेहाना को पहले सीएचसी विशुनपुरा, फिर जिला अस्पताल ले गई, लेकिन उसकी हालत नाजुक देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
इलाज में खर्च कर रहे हैं जटहां बाजार थाने के एसओ
गुरुवार को भी मेडिकल कॉलेज में उसकी हालत गंभीर बनी रही। घायल नवविवाहिता की मां और पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में केवल सौतेली मां ही बची है, वह भी इस समय नेपाल में है। मानवता का परिचय देते हुए जटहां बाजार थाने के एसओ नंदा प्रसाद नवविवाहिता के इलाज में आ रहे खर्च को वहन कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में एक एसआई और महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।
एसओ ने बताया कि अभी तक नवविवाहिता के मायके से कोई नहीं आया है। इसलिए चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रेहाना की सौतेली मां से संपर्क किया गया है। एक-दो दिन में उसके आ जाने की संभावना है। उन्होंने बताया की महिला के बयान के आधार पर मुकदमे में नामजद आरोपियों का नाम बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
एसओ के अच्छे कार्य की हो रही सराहना
कुछ ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिनके गलत कार्यों की वजह से विभाग की छवि धूमिल होती है, लेकिन रेहाना नाम की घायल असहाय महिला का जटहां बाजार थाने के एसओ नंदा प्रसाद की तरफ से खर्च वहन की सराहना हो रही है। वह बुधवार की सुबह से ही नवविवाहिता का समुचित इलाज कराने में जुटे हैं।