गोरखपुर: खेत में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
- गगहा इलाके के बरवल डिगर गांव के पास की घटना
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
विस्तार
गोरखपुर के गगहा इलाके के बरवल डिगर गांव के पास मंगलवार सुबह खेत में एक नवजात का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों ने सुबह एक नवजात का शव सरसों के खेत में देखा। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। निवर्तमान ग्राम प्रधान नागेंद्र मिश्रा ने बताया कि थोड़ी ही देर में नवजात का शव मिलने की चर्चा पूरे इलाके में फैल गई। मौके पर भीड़ जुट गई।
गगहा थानेदार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थानेदार राज प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ होगी।
पहले भी मिल चुके हैं नवजात के शव, कुछ मामलों में केस दर्ज कर भूल गई पुलिस
गोरखपुर जिले में नवजात के शव मिलने की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। इसकी एक वजह पुलिस की लापरवाही भी है। पुलिस इन मामलों में शुरू से ही लापरवाही बरतना शुरू कर देती है। पहले तो तहरीर नहीं मिलने का हवाला देकर पुलिस केस दर्ज नहीं करती। अगर अफसरों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज भी किया तो आगे की कार्रवाई भूल जाती है।
जानकारी के मुताबिक, फरवरी 2020 में पीपीगंज इलाके के एक गांव में झाड़ी में नवजात का शव मिला था। पुलिस ने कुछ लोगों पर केस दर्ज किया था। जांच में पता चला था कि नवजात की हत्या की गई थी। मामले में कुछ लोग गिरफ्तार हुए थे। शहर के कैंट इलाके के मोहद्दीपुर में भी नाले में नवजात का शव मिला था। पुलिस ने अज्ञात माता-पिता पर केस दर्ज किया था।
बड़हलगंज इलाके में भी छह माह पहले एक नवजात का शव मिला था। रेलवे स्टेशन पर नवजात के शव मिलने के मामले में भी केस दर्ज हो चुका है। पुलिस ने इन मामलों में काफी हीलाहवाली के बाद केस तो दर्ज किया, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई।