बस्ती में एक मृतक सहित मिले आठ कोरोना पॉजिटिव, जिले में एक्टिव केस हुए 72
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में कोरोना संक्रमितों की तादाद बढ़ती जा रही है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आठ लोगों के नमूने की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक मृत महिला के नमूने की भी रिपोर्ट शामिल है। मुंबई से लौटी महिला की दो जून को मौत हो गई थी। जिले में मृतकों की संख्या 12 हो गई है।
वहीं दूसरी ओर शुक्रवार की देर रात चार पॉजिटिव लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव से निगेटिव हुए लोगों की संख्या बढ़ कर 169 हो गई है। जिले में अब संक्रमितों की कुल संख्या 253 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या 72 है।
डीएम आशुतोष निरंजन ने कहा है कि संक्रमित सात मरीजों को रुधौली स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कराया गया है। ये सभी मुंबई से सड़क से आए थे, जिन्हें क्वारंटीन कराया गया था।
उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूरों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या फिर बढ़ गई है। यहां आए प्रवासी मजदूरों में से आठ की रिपोर्ट आ गई है। जिसमें से एक की मौत दो जून को हो चुकी है और उसका अंतिम संस्कार भी कोरोना प्रोटोकाल के तहत करा दिया गया था। रिपोर्ट के बाद उनके परिजनों को क्वारंटीन कराया गया है।
डीएम के मुताबिक, जिले में अब तक करीब एक लाख से ऊपर प्रवासी मजदूर आ चुके हैं। इन सभी की थर्मल स्कैनिंग कराई जा रही है। ट्रेन व सड़क से आने वाले प्रवासी मजदूरों को होम क्वारंटीन अथवा प्रशासन की ओर से बनाए गए सेंटरों में क्वारंटीन कराया जा रहा है। होम क्वारंटीन मजदूरों पर नजर रखने के लिए गांवों में निगरानी समितियां गठित की गई हैं। डॉक्टरों की टीम भी समय-समय पर जांच कर रही है। इन लोगों के नमूने धीरे-धीरे एकत्रित कर भेजे जा रहे हैं।