संतकबीरनगर में मिले 6 कोरोना पॉजिटिव, जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 52
- अब तक चार की हो चुकी है मौत, 27 लोग स्वस्थ्य होकर जा चुके है घर
- कोतवाली इलाके के चार और बखिरा व महुली इलाके के एक एक मरीज शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में बृहस्पतिवार की देर रात आई रिपोर्ट में छह और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें कोतवाली इलाके में चार और बखिरा व महुली इलाके में एक एक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में से एक युवक मुंडेरी के मृतक पॉजिटिव शख्स का रिश्तेदार है। इनके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है।
एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात आई रिपोर्ट में जिले में छह कोरोना पॉजिटिव मिले है। इसमें 52 वर्षीय शख्स कोतवाली इलाके के जंगल कला गांव का निवासी है। वह मुंबई में धोबी का काम करता था। 14 मई को ट्रेन से बनारस आया था जहां से फिर बस से खलीलाबाद के ट्रांजिट सेंटर पहुंचा था।
थर्मल स्क्रीनिग के बाद गांव गया और अपने दूसरे घर मे अकेले रहता था। दो दिन बाद बुखार की शिकायत हुई तो जिला अस्पताल पहुंचा। जहां से डॉक्टरों ने नमूना लेकर जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट आने पर पॉजिटिव निकला है।
दूसरा पॉजिटिव 22 वर्षीय युवक बखिरा इलाके के कुसुरू कला गांव का निवासी है जो बखिरा इलाके के ही मुंडेरी निवासी संक्रमित मृतक शख्स का रिश्तेदार है। पॉजिटिव युवक मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए जिला अस्पताल से पीपीई किट पहनकर कर बाहर निकलवाने में सहयोग किया था। मृतक के संपर्क में आने की वजह से युवक पॉजिटिव निकला है।
वहीं तीसरा पॉजिटिव मिला 24 वर्षीय युवक महुली कस्बे का निवासी है। युवक मुंबई में बढ़ई का काम करता था। युवक के साथ जिले के दस लोग ट्रक से आए थे। सभी ट्रांजिट सेंटर पहुंचे थे। जिसमें से युवक समेत दो लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। दोनों युवको को इंड्रस्ट्रीयल एरिया में ब्लूमिंग बड्स में क्वारंटीन कराया गया था। रिपोर्ट आई तो महुली कस्बे का युवक पॉजिटिव मिला।
कोतवाली इलाके के तुरकौलिया गोरयाभार गांव के रहने वाले 19 वर्षीय युवक और 55 वर्षीय शख्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों मुंबई के सायन में रहते थे और मजदूरी का काम करते थे। इस गांव के एक अन्य युवक के साथ ये दोनों मरीज ट्रक से खलीलाबाद आए थे और ट्रांजिट सेंटर पहुंचे।
जहां थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सैंपल लेने के लिए इन्हें जिला अस्पताल भेजा गया था। दोनों मरीजों को इंड्रस्ट्रीयल एरिया में ब्लूमिंग बड्स में क्वारंटीन किया गया था। रिपोर्ट आई तो दोनों लोग पॉजिटिव मिले।
छठा पॉजिटिव मिला 23 वर्षीय युवक कोतवाली इलाके के सरौली गांव का निवासी है। युवक मुंबई के अंधेरी ईस्ट में एक स्कूल में लिपिक है। स्कूल बंद होने की वजह से युवक जौनपुर के रहने वाले तीन अन्य लोगों के साथ किराए पर कार बुक करके चला था। बस्ती से युवक पैदल चलकर ट्रांजिट सेंटर पहुंचा था।
जहां से थर्मल स्क्रीनिंग के बाद जांच के लिए नमूना लेकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। जबकि युवक को इंड्रस्ट्रीयल एरिया में ब्लूमिन्ग बड्स में क्वारंटीन कराया गया था। रिपोर्ट आई तो युवक पॉजिटिव मिला है। डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में जो छह लोग पॉजिटिव मिले है। सभी मरीजों को सीएचसी खलीलाबाद के एलवन अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया गया है।