गोरखपुर: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के असलहा तस्कर से पिस्टल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार में खरीदा था हथियार
पूर्वांचल में सक्रिय लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के असलहा तस्करी नेटवर्क का 14 सितंबर को पर्दाफाश हुआ था। एसटीएफ और कैंट पुलिस ने विंध्यवासिनी पार्क के पास से श्रेयांश यादव उर्फ बबलू समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवाॅल्वर, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए थे।
विस्तार
लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े असलहा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी कैंट थाना पुलिस ने हथियार खरीदने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी कृष्णा सिंह उर्फ काका के पास से .32 बोर की पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ है।
25 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल
पूछताछ में उसने बताया कि पांच माह पहले कैंट क्षेत्र में गिरफ्तार श्रेयांश यादव से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब हथियार खरीदने के मकसद और उसके आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल की आशंका की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कृष्णा सिंह उर्फ काका के खिलाफ कुशीनगर जिले में मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। असलहा तस्करी के मामले में श्रेयांश यादव की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस उससे हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही थी। इसी जांच में कृष्णा का नाम सामने आया। उसकी गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क में हथियारों की खरीद-फरोख्त की एक और कड़ी जुड़ गई है।
गिरोह से असलहा खरीदने के आरोपी को गिरफ्तार कर असलहा बरामद किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। - निमिष पाटील, एसपी सिटी
14 सितंबर को हुआ था नेटवर्क का पर्दाफाश
पूर्वांचल में सक्रिय लारेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के असलहा तस्करी नेटवर्क का 14 सितंबर को पर्दाफाश हुआ था। एसटीएफ और कैंट पुलिस ने विंध्यवासिनी पार्क के पास से श्रेयांश यादव उर्फ बबलू समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवाॅल्वर, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में पता चला था कि मध्य प्रदेश के सेंधवा और हरियाणा के सोनीपत से हथियार लाकर गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई किए जा रहे थे। कैंट थाने में दर्ज असलहा तस्करी के मुकदमे में 31 आरोपी नामजद हैं। पुलिस और एसटीएफ अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
खरीदारों तक पहुंची जांच
कृष्णा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब हथियारों की सप्लाई करने वालों के साथ ही खरीदारों पर भी केंद्रित हो गई है। पुलिस श्रेयांश से पिस्टल खरीदने वाले अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही बरामद हथियार के इस्तेमाल और कृष्णा के उसे खरीदने के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
