महराजगंज: अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, 10 साल का रिकार्ड टूटा
महराजगंज में बारिश के कारण जून माह में अधिकतम तापमान में गिरावट आने से बीते दस साल का रिकॉर्ड टूट गया है। वहीं सर्वाधिक 17 एमएम बारिश भी दर्ज हुई है। जिससे गर्मी से काफी राहत मिली है। यही कारण है कि जून में भी अधिकतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मौसम विभाग की ओर से 6 जून को दर्ज आंकड़ो के मुताबिक पिछले दस साल में अधिकतम तापमान में गिरावट इतनी नहीं हुई थी।
मौसम विशेषज्ञ की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक छह जून को वर्ष 2009 में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस, बारिश 2.1 एमएम हुई थी। इसी तरह वर्ष 2010 में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2011 में 41 डिग्री सेल्सियस, बारिश 0.1 एमएम, वर्ष 2012 में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2013 में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, बारिश 0.3 एमएम, वर्ष 2014 में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा वर्ष 2015 में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2016 में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस एवं बारिश 0.3 एमएम हुई थी। वर्ष 2017 में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, बारिश 15 एमएम, वर्ष 2018 में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्ष 2019 में अधिकतम घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पर रहा है।
वर्ष 2020 में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जबकि बारिश सर्वाधिक 17 एमएम हुई है। बीते 10 साल में छह जून को न तो अधिकतम तापमान में इतनी गिरावट दर्ज हुई थी, न ही इतनी अधिक बारिश ही हुई थी।
मौसम विशेष कैलाश पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा, अरब सागर में तुफान आने, ज्यादा पूरवा हवा चलने, वातावरण में औसत से ज्यादा नमी रहने के कारण ऐसा हुआ है। वहीं जलवायु परिवर्तन के कारण असमय वर्षा एवं कम समय में ज्यादा बारिश हो रही है।
कब कब नहीं हुई बारिश
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक बीते दस साल में छह बार ऐसा हुआ है कि छह जून को बारिश ही नहीं हुई है। वर्ष 2010, 2012, 2014, 2015, 2018 एवं वर्ष 2019 में बारिश नहीं हुई थी। इस वर्ष अच्छी बारिश हुई है। जिससे तापमान में भी गिरवाट दर्ज हुई है।