गोरखपुर। पीएमश्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित 70वीं तहसील स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जुबिली इंटर कॉलेज ने जीत लिया। टीम ने एमजी इंटर कॉलेज को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में एमजी इंटर कॉलेज के कप्तान सूर्यांश शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 10 ओवर में सात विकेट खोकर 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुबिली इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज उत्कर्ष ने 24 और कुणाल ने 18 रन बनाए। दोनों के योगदान से टीम ने मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में जुबिली इंटर कॉलेज ने एमपी इंटर कॉलेज को हराया। जुबिली ने टॉस जीतकर एमपी इंटर कॉलेज को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। एमपी इंटर कॉलेज की टीम ने 10 ओवर में 59 रन बनाए। जवाब में जुबिली के बल्लेबाजों ने आठ ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्वप्रकाश सिंह और उप प्रधानाचार्य डॉ. राजेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरुणेंद्र राय, विवेकानंद मिश्र, अच्छे लाल, सुशील त्रिपाठी, जय प्रकाश यादव, सत्य प्रकाश मिश्रा, सूर्यकांत शर्मा, मोहम्मद नसीम और रामचंद्र यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।