International Yoga Day 2020: CM योगी आदित्यानाथ ने कहा- विश्व में जीवन अमृत बनकर उभरा योग
- मुख्यमंत्री ने एमपी शिक्षा परिषद के सदस्यों से किया संवाद
- कहा, सतर्कता व जागरूकता कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रमुख अस्त्र
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ने कहा कि भारत की योग परंपरा जीवन अमृत बनकर पूरी दुनिया के सामने उभरी है। योग न केवल लोगों को आपस में जोड़ता है बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक उत्थान का सबसे बड़ा मार्ग निर्धारक है। किसी भी प्रकार के संक्रमण को परास्त करने में यह बेहद कारगर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव का प्रमुख अस्त्र है। संक्रमण के चरित्र बदलने की भी आशंका बनी हुई है। ऐसे में अत्यंत सावधानी बरतनी जरूरी है। पूर्व में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर हम इंसेफेलाइटिस पर विजय प्राप्त कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद एवं महायोगी गोरखनाथ योग संस्थान गोरखनाथ मंदिर की ओर से ऑनलाइन साप्ताहिक योग प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत आयोजित विशिष्ट व्याख्यान में शामिल हुए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ऑनलाइन एमपी शिक्षा परिषद से जुड़े लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑनलाइन योग शिविर एवं शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन करने के पीछे भी संक्रमण से सावधान रहते हुए जीवन को आगे बढ़ाते रहने और समाज का उत्थान करते रहने का पवित्र उद्देश्य निहित है।
इस वायरस ने व्यक्ति और समाज जीवन में व्यापक परिवर्तन किया है। कहा कि तकनीक ने जहां सुदूर, गरीब और असहाय श्रमिकों तथा आमजनों को लाभ पहुंचाया है वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार को रोकने में भी प्रधानमंत्री की डिजिटल योजना बहुत कारगर हुई है। साप्ताहिक शैक्षिक कार्यशाला में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के समस्त संस्थाध्यक्ष तथा उनके द्वारा नामित कुल 110 सदस्यों ने सहभाग किया।
सुदृढ़ डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी आज तकनीकी संसाधनों की उपयोगिता अनिवार्य हो गई है। जीवन सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में संक्रमण से बचाव के साथ ही जीवन को आगे बढ़ाना अपरिहार्य है। कोरोना के चलते उत्पन्न हुए हालातों के अनुसार पठन-पाठन के लिए सुदृढ़ डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करें। आज की परिस्थिति में शिक्षण संस्थाओं के लिए जितना महत्व तकनीक का है, उतना ही संवाद के माध्यम से ज्ञान के प्रसार का भी है।
घर पर ही करें योगाभ्यास, आयोग्य सेतु एप डाउनलोड करें
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आप सभी लोग अपने घरों एवं कार्य स्थलों पर सामाजिक दूरी के साथ योगाभ्यास करें। सभी लोग आरोग्य सेतु एप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करें। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन सुरक्षा के लिए यह अनिवार्य क्रिया है। प्रदेश सरकार द्वारा आयुष कवच भी कोरोना संक्रमण से सजग रखने में अत्यंत उपयोगी है। समाज में इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।