गोरखपुर: सीएम योगी से मिले कुलपति, जानिए कब होगा इंटरनेशनल नेटवर्क ऑफ नाथपंथ का उद्घाटन
मुख्यमंत्री से मिलकर गोविवि के कुलपति ने मांगा समय, अकादमिक गतिविधियों की दी जानकारी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्थापित इंटरनेशनल नेटवर्क ऑफ नाथपंथ का उद्घाटन सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्तूबर के पहले सप्ताह में होगा। कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए समय मांगा। साथ ही अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी।
वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने नकलविहीन वार्षिक परीक्षाओं के लिए सभी केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी कराने और गड़बड़ी करने पर कार्रवाई की जानकारी दी। कुलपति ने बताया कि महायोगी गुरु गोरक्षनाथ शोध पीठ में आठ विभाग और सेल बनाए गए हैं। जिसमें अलग-अलग प्रोफेसर को चिह्नित कर कार्य करने की योजना है।
कुलपति ने बताया कि शोध पीठ के रिक्त पदों के आवेदनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। तीन महीने में साक्षात्कार की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। शोधपीठ के भवन निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। नवंबर-दिसंबर तक इसके उद्घाटन की योजना है। कुलपति ने बताया कि इसे लेकर प्रमुख सचिव संस्कृति से भी वार्ता हुई है।
इन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से होगा करार
महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ शोधपीठ के अंतर्गत स्थापित होने वाले अंतरराष्ट्रीय केंद्रों के लिए अमेरिका के मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी, ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ लंडन, रूस के मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, नेपाल के हिंदू विद्यापीठ, साउथ अफ्रीका के यूनिवर्सिटी ऑफ जोहानसबर्ग और स्पेन के यूनिवर्सिटी बारसिलोना को चिन्हित किया गया है। इनसे विश्वविद्यालय प्रशासन की वार्ता आखिरी चरण में है। जल्द ही इन संस्थानों से विश्वविद्यालय प्रशासन एमओयू करेगा। इसके बाद शोध पीठ के अंतरराष्ट्रीय केंद्र की स्थापना की जाएगी।
सितंबर में होगा इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन
विश्वविद्यालय में स्थापित किए जा रहे इक्यूबेशन सेंटर के उद्घाटन की चर्चा भी मुख्यमंत्री से करते हुए कुलपति ने कहा कि सितंबर में केंद्र के उद्घाटन की योजना है। एनिमल हाउस को उच्चीकृत कर भवन तैयार किया जा रहा है। छह स्टार्ट अप चिह्नित किए गए हैं। जीरो वेस्ट कैंपस तथा जीरो वेस्ट किचन का कार्यालय इन्क्यूबेशन सेंटर में ही स्थापित होगा।
छात्रा की मौत की उच्चस्तरीय जांच को चार सदस्यीय समिति गठित
विश्वविद्यालय में बीएससी गृहविज्ञान तृतीय वर्ष की छात्रा प्रियंका कुमारी की मौत पर कुलपति ने मुख्यमंत्री के सामने विश्वविद्यालय का पक्ष रखा। बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा उच्च स्तरीय चार सदस्यीय समिति का गठन किया जा रहा है। हालांकि पहले विश्वविद्यालय ने न्यायिक जांच कराने की बात कही थी। कुलपति ने बताया कि धीरे-धीरे विश्वविद्यालय परिसर का माहौल सामान्य हो रहा है।