Maharajganj: नेपालगंज में कर्फ्यू के कारण भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, पुलिस सोशल मीडिया पर भी रख रही नजर
महराजगंज जिले से लगी सोनौली व ठूठीबारी सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। सीमा पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है।
विस्तार
नेपाल के बांके जिला के नेपालगंज में कर्फ्यू को लेकर भारत-नेपाल सोनौली सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और चप्पे- चप्पे पर पुलिस और एसएसबी के जवान तैनात हैं। नेपाल से भारत को जोड़ने वाली सीमा खुली होने की वजह से चौकसी बढ़ा दी गई है, यही वजह है कि महराजगंज जिले से लगी सोनौली व ठूठीबारी सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। सीमा पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।
पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है। सीमा पर आने जाने वाले लोगों की गहन तलासी ली जा रहा है। जनपद के 84 किलोमीटर की खुली सीमा पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।
सरहद पार करने वालों की हो रही सघन जांच संदेह होने पर रोके जा रहे हैं। नेपालगंज में विवाद के बाद भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी किया गया है। सोनौली, खनुवा, भगवानपुर , बरगदवा, ठूठीबारी निचलौल जैसे प्रमुख आवागमन सीमा के अलावा खुली सीमा के पगडंडी पर एसएसबी पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों ने सघन जांच शुरू कर दिया है। कोल्हुई, भगवानपुर, खनुआ , शेख फरेंदा, बरगदवा , हरदी डाली, श्यामकाट, सुंडी , छपवा , संपतिहा व चंडीथान, बरगदवा, प्ररसामलिक, ठूठीबारी, लष्मी नगर, निचलौल, समेत दर्जनों गांव के पगडंडी पर एसएसबी जवान, पुलिस कर्मी व अन्य खुफिया विभाग के लोग चौकस रहे।
नेपाल से भारत आ रहे लोगों की सघन की जा रही है। संदेह होने पर पहचान पत्र की पुष्टि होने तक यात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर भी अपनी पैनी नजर बनाये हुए हैं। अगर कोई भी भ्रामक पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सीमावर्ती पर चौकसी बढ़ी दी गई है। पुलिस एसएसबी संयुक्त रूप से गश्त कर रही है।