Gorakhpur News: जेएनयू और जामिया के बराबर अपना गोरखपुर विश्वविद्यालय, अब होगी सौगातों की बौछार
नैक में ए प्लस प्लस ग्रेडिंग मिलने का गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। प्लेसमेंट के लिए नामी कंपनियां आएंगी। छात्रों को केंद्रीय छात्रवृत्ति मिलेगी। विवि से निकलने वाले छात्रों व शोधार्थियों को वरीयता मिलेगी। केंद्र सरकार की रिसर्च ग्रांट में भी विश्वविद्यालय को प्राथमिकता दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायन परिषद (नैक) की सर्वोत्तम ए प्लस प्लस ग्रेडिंग लाकर देश में जामिया मिलिया इस्लामिया और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बराबर खड़ा हो गया है।
देश के चुनिंदा विश्वविद्यालयों को ही नैक में ए प्लस प्लस ग्रेड मिला है। इसमें जामिया, जेएनयू, आईआईएससी बंगलुरु, इग्नू, वनस्थली विद्यापीठ राजस्थान, एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी तमिलनाडु और लखनऊ विश्वविद्यालय शामिल हैं।
नैक में ए प्लस प्लस ग्रेडिंग मिलने का गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। प्लेसमेंट के लिए नामी कंपनियां आएंगी। छात्रों को केंद्रीय छात्रवृत्ति मिलेगी। विवि से निकलने वाले छात्रों व शोधार्थियों को वरीयता मिलेगी।
केंद्र सरकार की रिसर्च ग्रांट में भी विश्वविद्यालय को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों को व्यक्तिगत प्रोजेक्ट प्राथमिकता पर मिलेंगे। विश्वविद्यालय नई योजना शुरू करेगा तो उसमें वरीयता दी जाएगी।
गोविवि को लखनऊ विश्वविद्यालय से भी ज्यादा स्कोर मिला
गोरखपुर विश्वविद्यालय को नैक का ग्रेड तो लखनऊ विश्वविद्यालय के समान ए प्लस प्लस मिला है, लेकिन स्कोर ज्यादा है। गोरखपुर विश्वविद्यालय को कुल 3.78 स्कोर मिला है, जबकि लखनऊ विवि को 3.55 स्कोर मिला था। गोरखपुर विश्वविद्यालय को वर्ष 2005 में बी प्लस प्लस ग्रेड मिला था।
नैक के सात मानकों पर मिले अंक
1 पाठ्यक्रम के पहलू 3.8
2 अध्ययन, अध्यापन और मूल्यांकन 3.6
3 शोध, नवाचार और विस्तार 3.57
4 अध्ययन के संसाधन, मूलभूत सुविधाएं 3.96
5 छात्र सहयोग और विकास 3.95
6 संचालन, नेतृत्व, प्रबंधन 3.93
7 संस्थानिक मूल्य, सर्वश्रेष्ठ परंपराएं 3.96
गुणवत्ता के नित नए प्रतिमान स्थापित करे विश्वविद्यालय : सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विश्वविद्यालय को नैक की ए प्लस-प्लस ग्रेड हासिल होने पर ट्वीट कर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि विश्वविद्यालय परिवार और प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ऐसे ही गुणवत्ता के नित नए प्रतिमान स्थापित करे, यही कामना है। गोरक्षपीठ के आशीर्वाद से ज्ञान की यह बगिया अपने स्थापना काल से ही समूचे पूर्वांचल को गुणवत्तापरक शिक्षा और उत्कृष्ट संस्कारों के आलोक से प्रदीप्त कर रही है। यह उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का विषय है। ब्यूरो
देश को दिखाया कि गोरखपुर में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है : कुलपति
दीक्षा भवन में मंगलवार की शाम शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि यह उपलब्धि हम लोग गोरखपुर के निवासियों को समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने साबित कर दिया है कि यह जरूरी नहीं आप दिल्ली, कोलकाता, मुंबई के आसपास हो तभी आप अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। यह उपलब्धि कुलाधिपति के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री के आशीर्वाद तथा सभी शिक्षकों अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्रों की मेहनत एवं प्रयासों से प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम का संचालन आइक्यूएसी के निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. नंदिता सिंह, प्रो. शोभा गौड़, प्रो. जितेंद्र मिश्रा, प्रो. आनंद सेन गुप्ता, प्रो. दिनेश यादव, प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. राजर्षि गौर, प्रो. रजनीकांत पांडेय तथा प्रो. गोपाल प्रसाद ने भी अपने विचार रखे।
एबीवीपी, शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने दी बधाई
उपलब्धि हासिल होने पर कुलपति को बधाई देने वालों का तांता लग गया। कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. राजेश सिंह से मुलाकात की। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. बीएन सिंह, राज्य विवि कर्मचारी महासंघ के कोषाध्यक्ष निर्भय नरायन सिंह, महेंद्र नाथ सिंह, सुरेंद्र यादव, हरेंद्र सिंह, अरुण श्रीवास्तव, शोभित पांडेय, अनुपमा गुप्ता, संजय यादव, संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं, एबीवीवी के पदाधिकारियों ने मिठाई खिलाकर प्रसन्नता जाहिर की। महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं गोविवि के कार्य परिषद सदस्य डॉ. प्रदीप राव और डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य व प्रबंधकों ने भी बधाई दी। मीडिया एंव जनसंपर्क अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि अगर पूरी टीम एक साथ काम करे तो सपने भी साकार होते हैं।
नगाड़े पर थिरके शिक्षक-विद्यार्थी
मंगलवार की शाम को बधाई समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षकों एवं छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कुलपति को माला पहनाया। यहां ढोल-नगाड़े पर सभी ने नृत्य किया। विद्यार्थियों ने पटाखे जलाकर खुशी का इजहार किया।