गोरखपुर: पुलिस से मुठभेड़ में दो लुटेरों के पैर में लगी गोली, 10 दिन में दूसरी बार हुआ आमना-सामना
रामगढ़ताल पुलिस, स्वाट व एसओजी की रविवार तड़के करीब तीन बजे चिड़ियाघर के पास मुखबिर की सूचना पर गश्त कर रही थी। तभी दो लुटेरे बाइक से आते दिखे। पुलिस के रोकने पर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पकड़े गए आरोपितों की पहचान चिलुआताल के मोहरीपुर निवासी मनोज और बेलघाट के सिंधवान निवासी अजीत उर्फ सोनू बाबा के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल इलाके में हुई लूट के वांछित बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगी थी। शनिवार रात एक बजे के करीब मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश कोई वारदात करने के फिराक में है।
सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस और स्वॉट टीम चिड़ियाघर के पास चेकिंग करने लगी। इसी दौरान एक बाइक पर दो बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और एसपी सिटी कृष्ण कुमार ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
32 लाख की लूट में गए थे जेल
एसएसपी ने बताया कि दोनों एक साल पहले रामगढ़ताल के आजाद चौक के पास आजमगढ़ से आ रहे मुनीम की रेकी कर 32 लाख की लूट की थी। इस मामले में दोनों जेल गए थे। दोनों चोरी की बाइक से लूट की घटना को अंजाम देते थे।
दोनों पर दर्ज हैं कई केस
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल हुए लुटेरे 30 वर्षीय मनोज के खिलाफ रामगढ़ताल, कैंट व चिलुआताल थाने में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोपों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, 36 वर्षीय अजीत उर्फ सोनू बाबा पर कई थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम
गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम मिला। टीम में इंस्पेक्टर रामगढ़ताल सुशील कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक शेष कुमार, विशाल उपाध्याय, पुरुषोत्तम, प्रभारी सर्विलांस धीरेंद्र राय, अरुण कुमार सिंह, मनीष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राम इकबाल राव, निशांत सिंह, संतोष सिह, राजमंगल, अरुण, कांस्टेबल इंद्रेश, करुणपति, दुर्गेश मिश्रा, रवि चौधरी, मुकेश यादव, सचिन व चंदन भारती शामिल थे।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दोनों शातिर लुटेरे हैं। पुलिस टीम को 25 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया।