Gorakhpur News: पांच घंटे में ढूंढ निकाला खोया बैग, विदेशी बोला- यहां की पुलिस जादूगर, जानिए कैसे की तलाश
कैंट थाने की पुलिस ने खोया बैग पांच घंटे में ढूंढकर लंदन के व्यक्ति का दिल जीत लिया। विदेशी ने खुश होकर बोला-अरे! यहां की पुलिस तो जादूगर है, जादू से कुछ भी ढूंढ़ लेगी। मुझे तो विश्वास ही नहीं हो रहा है कि मेरा जो बैग गायब हो गया था, वह मेरे हाथ में है। मेरे लिए यह भारत यात्रा का सबसे यादगार दिन है। इस दिन को मैं कभी नहीं भूल सकता हूं।
इस तरह भावुक होकर विदेशी नागरिक ने पुलिस का धन्यवाद किया। दरअसल, शनिवार की सुबह करीब सात बजे लंदन निवासी क्रिस्टोफर जॉन कोटे वाराणसी से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफाॅर्म नंबर नौ से ऑटो द्वारा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर चार पर पहुंचे। उन्हें सोनौली की बस पकड़नी थी कि इसी बीच बैग ऑटो में छूट गया। उसमें उनके जरूरी कागजात, कैमरा, एप्पल आईपॉड, चश्मा, इंसुलिन की दवा और मोबाइल समेत करीब दो लाख रुपये का सामान था।इसके बाद उन्होंने कैंट थाने की रेलवे चौकी पर इसकी शिकायत की। इसके बाद पुलिस 50 सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए ऑटो तक पहुंच गई, जिसमें बैग छूटा था। पुलिस ने ऑटो ड्राइवर के पास से बैग प्राप्त किया। उसमें सारा सामान सुरक्षित था।
लंदन के क्रिस्टोफर जॉन कोटे ने बताया कि उन्हें आर्कियोलॉजिकल सर्वे के लिए वाराणसी से काठमांडो जाना था। इसलिए वह सुबह में ट्रेन से गोरखपुर आए हैं। बाहर आकर उन्होंने ऑटो किया था। इसमें उनका बैग छूट गया था।
आस्ट्रेलिया के नागरिक ने की थी पुलिस प्रशंसावर्ष 2022 के अप्रैल में रात के समय ऑस्ट्रेलिया सरकार में चार्टर्ड अकाउंटेंट के पद पर तैनात व्यक्ति का रेलवे स्टेशन के पास बैग गायब हो गया। बैग खोने से वहां 50 हजार कर्मचारियों के वेतन पर संकट आ गया था। कैंट थाने की पुलिस ने उनके खोए बैग को महज 90 मिनट में तलाश कर लौटा दिया। चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पुलिस की कार्यशैली की खूब प्रशंसा की थी।