आमने-सामने भिड़ंत: रॉन्ग साइड से आ रही पिकअप ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, युवती के सिर में गंभीर चोट
भलुआन से गोरखपुर की ओर जा रहे ई-रिक्शा में गुड़िया(27) सवार थीं। बताया जा रहा है कि यूनियन बैंक के पास पहुंचते ही सामने से रॉन्ग साइड से आ रही पिकअप से ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में गुड़िया के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि ई-रिक्शा चालक भी घायल हो गया।
विस्तार
बेलीपार थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे सेवई चौराहे के यूनियन बैंक के पास पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार युवती और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, भलुआन से गोरखपुर की ओर जा रहे ई-रिक्शा में गुड़िया(27) सवार थीं। बताया जा रहा है कि यूनियन बैंक के पास पहुंचते ही सामने से रॉन्ग साइड से आ रही पिकअप से ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में गुड़िया के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि ई-रिक्शा चालक भी घायल हो गया।
पिकअप चालक मोहन पुत्र हरीलाल, निवासी हरदिया, थाना गीडा के अनुसार फोरलेन कट के पास जाम होने के कारण वह रॉन्ग साइड से निकल रहा था। चालक का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक तेज रफ्तार में मोबाइल चला रहा था। उसके मुताबिक उसने पिकअप रोकने का प्रयास किया, लेकिन ई-रिक्शा आकर पिकअप से टकरा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोरखपुर भेजा। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप चालक और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।