गैंगस्टर की गिरफ्तारी में गोरखपुर पुलिस ने लगाया दोहरा शतक, जानिए छह महीने में कितनों पर हुई कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गोरखपुर पुलिस ने पिछले छह महीने में गैंगस्टर के 215 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया है। वहीं नए गैंग को पंजीकृत कर उन पर कार्रवाई भी जारी है।
डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने सभी सीओ को निर्देशित किया है वह खुद की मानीटरिंग में नए गैंग को पंजीकृत कराएं ताकि उनकी धरपकड़ की जा सके। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदमाशों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए हैं। उनके गृह जनपद में पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है।
नए अपराधियों को चिन्हित करने के साथ ही पुराने बदमाशों की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की गई है। डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने भी पदभार संभालने के साथ ही साफ संकेत दे दिए थे कि बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई होनी ही है। इसका असर भी सामने आने लगा है। डीआईजी ने कार्रवाई की सराहना की है, मगर साथ ही पुलिस वालों को आगे और तेज कार्रवाई करने का आदेश भी दिया है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह नए गैंग को पंजीकृत करें।
ताकि हो सके बदमाशों की निगरानी
डीआईजी ने बताया कि कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें जेल से जमानत पर छूटे बदमाश दोबारा वारदात को अंजाम देते पाए गए हैं। पुलिस की नजर भी जल्दी उन पर नहीं पड़ती। गैंग पंजीकृत होने पर उनकी निगरानी में आसानी होगी।
इन थानों ने इतने बदमाशों को भिजवाया जेल
एक अगस्त 2020 से 9 फरवरी 2021 के बीच में कोतवाली थाने से छह, राजघाट से 13, तिवारीपुर से 12, खोराबार से 10, रामगढ़ताल से 8, गोरखनाथ से दो, शाहपुर से 16, कैंपियरगंज से चार, पीपीगंज से 6, सहजनवां से 18, चिलुआताल से चार, झंगहा से 13, पिपराइच से 16, गुलरिहा से 17, बांसगांव से दो, गगहा से तीन, बेलीपार से 15, गोला से 5, बड़हलगंज से 11, उरुवा से चार, बेलघाट से 13, खजनी, सिकरीगंज और हरपुर बुदहट से एक-एक गैंगस्टर के आरोपितों को जेल भेजा गया है।
पार्षद समेत कई नामी बदमाश भी भेजे गए जेल
पार्षद सौरभ विश्वकर्मा, उनके भाई चंदन विश्वकर्मा के साथ ही कई नामी बदमाश भी गैंगस्टर के तहत जेल भेजे गए हैं। शातिर बदमाश त्रिभुवन सिंह, देवेंद्र निषाद, महेंद्र निषाद, रविंद्र निषाद, महिला गैंगस्टर रंभा, देवबथ, राहुल, रूपेश, अजय, राका, अखिलेश यादव, विवेक पांडेय, राजन गुप्ता जैसे कई बड़े नाम हैं, जिन्हें पुलिस ने जेल भिजवाया है।
डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने कहा कि गैंगस्टर के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पिछले छह महीने के भीतर 215 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया है। पुलिस वालों को नए गैंग पंजीकृत कर उन पर कार्रवाई का भी आदेश दिया गया है। जल्द ही कई नए गैंग पंजीकृत होंगे और उन पर कार्रवाई भी होगी।