कुईं बाजार (गोरखपुर)। बाइक से मौसी के लड़के को उसके घर से छोड़कर लौट रहे युवक की बाइक तीन लोगों ने ले ली। युवक ने परिजनों से बात कराई तो उन्होंने खुद को बजाज फाइनेंस कंपनी का कर्मी बताया और किश्त जमा कर बाइक लेकर जाने की बात कही। बुधवार को युवक की मां बजाज फाइनेंस कंपनी गई तो पता चला की घटना में कंपनी के कर्मचारी नहीं शामिल थे। इसके बाद युवक की मां ने सिकरीगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के पतिसा निवासी सरोज ने बुधवार को पुलिस को दी। बताया कि माल्हनपार स्थित एक एजेंसी से किश्त पर बाइक खरीदी थी। कुछ किश्त बकाया थी। सात अप्रैल को पुत्र लवकुश बाइक से गांव के ही सुजीत के साथ अपनी मौसी के लड़के अश्वनी को बेलघाट क्षेत्र के भिसिया उसके घर छोड़ने गया था। वापस आते समय भिसिया गांव के बाहर तीन लोगों ने रोक लिया। बजाज फाइनेंस का कर्मचारी बताते हुए बाइक की चाबी ले ली। लड़के ने मोबाइल से बात कराई तो उन्होंने बताया कि वह बजाज फाइनेंस से आए हैं। गाड़ी की किश्त बाकी है। गाड़ी ले जा रहे हैं, किश्त जमा करके ले जाइएगा। इधर, महिला बुधवार को किश्त जमा करने गोरखपुर स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी पर पहुंची तो सच्चाई जानकर होश उड़ गए। बुधवार शाम सिकरीगंज पुलिस को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया। थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।