गोरखनाथ मंदिर हमला: मुर्तजा से पूछताछ में मिले तथ्यों को सत्यापित कर रही एटीएस, पूछताछ कर रही टीम
एटीएस ने पूछताछ के दौरान एक लिस्ट तैयार की है। अब उसी लिस्ट के आधार पर काम शुरू किया है, जिसके तहत जरूरत पड़ने पर मुर्तजा को भी लेकर जा रही है। मुर्तजा की रिमांड 16 को खत्म हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों (पीएसी जवान) पर हमला करने के आरोपित मुर्तजा अब्बासी से पूछताछ में मिले तथ्यों को एटीएस सत्यापित कर रही है। गोरखपुर स्थित एटीएस दफ्तर में ही मुर्तजा को रखकर टीम पूछताछ कर रही है। दरअसल, मुर्तजा ने आसपास के जिलों में कई लोगों से बातचीत होने की जानकारी दी है, लिहाजा टीम एक-एक बिंदु को सत्यापित कर रही है कि बताए गए तथ्य कितने सही हैं।
जानकारी के मुताबिक, सिपाहियों पर धारदार हथियार से हमला करने वाले अहमद मुर्तजा अब्बासी को घटना के बाद से ही पुलिस ने पकड़ लिया था। वह पांच अप्रैल से एटीएस के कब्जे में है। 11 अप्रैल को उसकी रिमांड खत्म हो रही थी, लेकिन और पूछताछ की जरूरत बताते हुए एटीएस ने रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद कोर्ट ने पांच दिन की और रिमांड दी है। 16 अप्रैल को दोपहर 12 बजे तक मुर्तजा अब्बासी रिमांड पर है।
इस बीच उम्मीद थी कि रिमांड मिलने के बाद एक बार फिर एटीएस उसे लेकर लखनऊ मुख्यालय के लिए रवाना हो जाएगी, लेकिन यहीं पर पूछताछ की जा रही है। अब तक हुई पूछताछ के दौरान टीम ने एक लिस्ट तैयार की है। अब उसी लिस्ट के आधार पर काम शुरू किया है, जिसके तहत जरूरत पड़ने पर मुर्तजा को भी लेकर जा रही है। इसी क्रम में सोमवार की रात टीम उसे सिविल लाइंस 7 पार्क रोड स्थित उसके घर लेकर पहुंची थी।