यूपी: प्रेमी से शादी करने को परिजन नहीं हुए राजी, नाराज प्रेमिका ने खाया जहर, मां-बाप ने प्रेमी के दरवाजे पर छोड़ा
पुलिस ने प्रेमिका को जिला अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, परिजन युवती की चाहत पूरी करने को तैयार हुए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमी से शादी करने को परिजन राजी नहीं हुए तो प्रेमिका ने गुरुवार को घर में जहर खा लिया। बेटी की हालत बिगड़ी तो मां-बाप उसे ले जाकर प्रेमी के दरवाजे पर छोड़ दिए। इधर किसी ने हरिहरपुर चौकी इंचार्ज को घटना की सूचना दिया तो वह मौके पर पहुंचे और उसे पहले नाथनगर सीएचसी और बाद में रेफर किए जाने पर जिला अस्पताल पहुंचाएं। जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मामला महुली क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय युवती का उसके ही मोहल्ले के रहने वाले दूसरे जाति के 22 वर्षीय युवक से एक साल से प्रेम संबंध चल रहा है। युवती अपने प्रेमी से ही शादी करना चाहती है, लेकिन उसके परिजन तैयार नहीं थे। इधर तीन महीने पहले प्रेमी मुंबई कमाने चला गया।
युवती के मां- बाप उसकी शादी कहीं दूसरी जगह करना चाहते थे। बुधवार की शाम को मां- बाप ने दूसरी जगह शादी करने की बेटी से मन्नत की, लेकिन वह प्रेमी से ही शादी करने की जिद ठान ली। इसी बात को लेकर गुरुवार को युवती ने अपने कमरे में दरवाजा बंद करके जहर खा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो मां- बाप किसी तरह बेटी को समझा कर दरवाजा खुलवाएं।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती है युवती
युवती ने खुद जहर खा लेने की बात बताई तो मां- बाप उसे हालत बिगड़ने पर प्रेमी के दरवाजे पर ले जाकर छोड़ दिए। युवती तड़प रही थी और वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने में मशगूल थे। इधर किसी ने युवती के जरिए जहर खाने की जानकारी हरिहरपुर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव को दे दी।
सूचना पर तत्काल चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए और एक युवक की मदद से बाइक से युवती को नाथनगर सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिए। इधर सूचना पर युवती के मां-बाप और प्रेमी के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां से भी डॉक्टरों ने युवती की हालत गंभीर बता कर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। युवती के साथ एबुलेंस से उसके मां-बाप और प्रेमी की मां व बहन भी मेडिकल कॉलेज गई।
चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने बताया कि युवती का हालचाल जानने वह भी देर शाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे हैं। युवती की तबीयत में सुधार हो गया है। पूछताछ में युवती ने खुद जहर खाने की बात बताई। उसकी इच्छा है कि प्रेमी के साथ ही शादी हो। उसके परिजन तैयार नहीं हुए तो उसने जहर खा लिया।
मुंबई में रहने वाले उसके प्रेमी से फोन पर बातचीत की गई तो वह शादी को तैयार है। प्रेमी के परिजन भी शादी को तैयार हैं। इस घटना के बाद युवती के परिजन भी तैयार हो गए हैं और बता रहे है कि अब प्रेमी के साथ ही बेटी की शादी कराएंगे।