{"_id":"669efccb3f6a9bdbf10fc504","slug":"food-processing-unit-investment-of-rs-339-crore-will-provide-employment-to-three-thousand-people-gorakhpur-news-c-7-hsr1010-629492-2024-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gorakhpur News: 465 करोड़ का निवेश करेंगी अपोलो ट्यूब्स समेत 26 कंपनियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gorakhpur News: 465 करोड़ का निवेश करेंगी अपोलो ट्यूब्स समेत 26 कंपनियां
विज्ञापन
विज्ञापन
गीडा में लगी मुहरः जमीन आवंटन के लिए हुई काउंसिलिंग, 1500 लोगों को मिलेगा रोजगार
अपोलो ट्यूब्स बनाई पाइप, इविका फूड्स पैकेज्ड फूड बनाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गीडा में अपोलो ट्यूब्स समेत 26 नई कंपनियों के जमीन पर उतरने का रास्ता साफ हो चुका है। सोमवार को गीडा दफ्तर में इसके लिए उद्यमियों का साक्षात्कार किया गया। इन कंपनियों को प्लॉट आवंटन के फैसले पर मुहर लग चुकी है। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इनमें स्टील पाइप बनाने वाली कंपनी अपोलो ट्यूब्स, प्लास्टिक बॉडी में बड़े-बड़े कूलर बनाने वाली कंपनी नोवामैक्स और फूड पैकेजिंग कंपनी इविका फूड्स की तरफ से सर्वाधिक निवेश किया जाएगा। कुल 26 कंपनियां मिलकर 465 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी, जिससे 1500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
विज्ञापन
गीडा में तेजी से नई फैक्टरियां स्थापित हो रही हैं। लोकसभा चुनाव के बाद गीडा प्रशासन ने फिर करीब 150 प्लॉटों के लिए आवेदन मांगे थे। इसके सापेक्ष 56 उद्यमियों ने निवेश प्रस्ताव गीडा प्रशासन को भेजे हैं। सोमवार को 26 उद्यमियों के प्रस्ताव पर विचार करते हुए प्लॉट आवंटन पर सहमति जताई गई।
विज्ञापन
सबसे अधिक 320 करोड़ रुपये का निवेश स्टील पाइप बनाने वाली कंपनी अपोलो ट्यूब्स करने जा रही है। इस कंपनी ने 18 एकड़ जमीन मांगी है। फैक्टरी लगने से लगभग 300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। यहां तैयार माल को पूर्वांचल के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल तक सप्लाई किया जाएगा।
इसके अलावा प्लास्टिक बॉडी का बड़ा कूलर बनाने वाली कंपनी नोवामैक्स भी यहां लगभग 30 करोड़ रुपये निवेश करने जा रही है। कंपनी ने पांच एकड़ जमीन मांगी है। इसी प्रकार फूड पैकेजिंग के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी इविका फूड्स भी पहले चरण में करीब 15 करोड़ रुपये निवेश करेगी।
गीडा में 26 कंपनियों की तरफ से निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन्हें जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन कंपनियों की तरफ से गीडा में 450 करोड़ से अधिक का निवेश होगा, जिससे 1500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को अप्रत्यक्ष तौर पर भी रोजगार मिलेगा।
-अनुज मलिक, सीईओ गीडा