गोरखपुर एयरपोर्ट से हैदराबाद की फ्लाइट हुई रद्द, ये है बड़ी वजह
- तेलंगाना सरकार ने उड़ान की अनुमति ही नहीं दी
- दिल्ली और मुंबई के लिए हुई उड़ान, एयरपोर्ट पर बरती गई सतर्कता
विस्तार
लॉकडाउन के बीच दो महीने बाद सोमवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू हो सकी। पहले दिन दिल्ली के लिए दो और मुंबई के लिए एक उड़ान हुई।
हालांकि शेड्यूल जारी होने के बाद भी तेलंगाना सरकार की तरफ से अनुमति नहीं मिलने की वजह से हैदराबाद से गोरखपुर आने और फिर यहां से वापस जाने वाली दोनों ही उड़ान रविवार की देर रात अचानक निरस्त कर दी गई।
यात्रियों को इसकी सूचना मोबाइल पर दे दी गई थी मगर पहले से योजना बना चुके होने की वजह से वे काफी मायूस हुए। गोरखपुर से हैदराबाद के लिए 22 यात्रियों ने टिकट कराया था।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक हैदराबाद की फ्लाइट अब 28 मई के बाद ही शुरू होने की उम्मीद है। उधर दिल्ली और मुंबई के लिए शुरू हुई कुल तीन फ्लाइटों में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। जाने वालों की तुलना में आने वाली फ्लाइट में यात्री अधिक रहे।
तीनों ही फ्लाइटों में गोरखपुर आने वाले यात्रियों की कुल संख्या 223 रही जबकि यहां से महज 134 यात्रियों ने ही सफर किया। दिल्ली के लिए स्पाइस जेट की फ्लाइट में 74 यात्री आए और 71 यहां से गए जबकि एयर इंडिया की फ्लाइट में 30 यात्री आए और महज 19 यहां से गए।
इसी तरह मुंबई से स्पाइस जेट की फ्लाइट सर्वाधिक 119 यात्रियों को लेकर आई जबकि गोरखपुर से मुंबई के लिए महज 44 यात्री गए। सोशल डिस्टेंसिंग समेत सरकार की तरफ से जारी सभी दिशा निर्देशों के पालन के लिए पूरे समय एडीएम सिटी राकेश कुमार श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एयरपोर्ट निदेशक एके द्विवेदी और मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय कौशल समेत कई अधिकारी कर्मचरी एयरपोर्ट पर मुस्तैद रहे।
एंट्री से लेकर एक्जिट तक कांटेक्टलेस व्यवसथा
कोरोना के संक्रमण से यात्रियों को बचाने के लिए एयरपोर्ट पर कई तरह के उपाय किए गए हैं। हर उस प्रक्रिया या जगह जहां से संक्रमण फैल सकता है, उसे खत्म करने की पूरी कोशिश की गई है। टर्मिनल में प्रवेश से लेकर बाहर निकलने तक के लिए पूरी तरह कांटेक्टलेस व्यवस्था बनाई गई है ताकि कोई यात्री एक दूसरे के संपर्क में न आए।
टर्मिनल के बाहर ही पहले सभी यात्रियों के पहले जूते फिर हाथ सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद बाहर ही उनका लगेज भी सैनिटाइज किया गया। फिर डॉक्टरों ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की। एंड्रॉयड फोन रखने वाले सभी यात्रियों के आरोग्य सेतु एप चेक किए गए। हालांकि सभी ने एहतियातन पहले ही यह एप डाउनलोड कर रखा था। इसी तरह से आने वाले यात्रियों के भी लगेट पहले सैनिटाइज होने के बाद ही उन्हें मिले।
यात्रियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए मार्किंग की गई है। टर्मिनल में दो कुर्सियों के बीच एक कुर्सी की जगह खाली रखी गई। टिकट और आईडी प्रूफ की स्कैनिंग बिना छुए की गई।
रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी, 14 दिन रहेंगे होम क्वारंटीन
पंजीकरण के दौरान यात्री का नाम, पता और मोबाइल नंबर समेत कई अन्य जानकारियां मांगी जाएंगी । यात्रा कर लौटे सभी यात्रियों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है। इस पंजीकरण के जरिए जिला प्रशासन निगरानी समितियों आदि की मदद से यह चेक करेगा कि संबंधित यात्री होम क्वारंटीन का प्रोटोकॉल पूरा कर रहा है या नहीं।
इन शहरों के लिए हुई उड़ान
दिल्ली- स्पाइसजेट- आगमन 11.10- प्रस्थान 12 बजे
दिल्ली- एयर इंडिया- आगमन 02.35- प्रस्थान 03.10 बजे
मुंबई- स्पाइस जेट- आगमन 01 - प्रस्थान 02 बजे
पहले होती थीं सात उड़ाने
गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता और प्रयागराज के लिए कुल सात उड़ाने होती थीं। इनमें से अभी दिल्ली की इंडिगों की उड़ान के अलावा प्रयागराज और कोलकाता की भी उड़ान नहीं शुरू हो सकी है। वहीं शेड्यूल जारी होने के बाद भी तेलंगाना सरकार की अनुमति नहीं मिलने से गोरखपुर से हैदराबाद की भी उड़ान फिलहाल के लिए लटक गई है।