रामगढ़ ताल की सैर करने के लिए अब चुकानी होगी ये कीमत, सीएम योगी का है ड्रीम प्रोजेक्ट
- नया सवेरा पर वाहन पार्क करने के लिए अब देना होगा शुल्क
- जीडीए टॉवर पर मुफ्त में नहीं खड़ा कर सकेंगे वाहन, जीडीए ने निकाला टेंडर
- नया सवेरा के सामने 4644 वर्ग मीटर का एरिया पार्किंग के लिए सुरक्षित
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट गोरखपुर शहर के रामगढ़ ताल क्षेत्र स्थित नया सवेरा और गोलघर के जीडीए टॉवर पर दो पहिया या चार पहिया वाहन पार्क करने पर जुलाई से पार्किंग शुल्क देना होगा। जीडीए ने नया सवेरा के सामने स्थित महंत दिग्विजयनाथ पार्क के तीन तरफ 4644 वर्ग मीटर एरिया पार्किंग के लिए सुरक्षित किया है। इसी तरह जीडीए टॉवर में भू-तल एवं बेसमेंट में पार्किंग होगी।
दोनों ही जगहों पर पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए जीडीए ने टेंडर निकाला है। 22 जुलाई तक पंजीकरण होगा, जबकि 27 जुलाई को ई-नीलामी के जरिए टेंडर होगा। यह टेंडर जुलाई 2020 से जून 2021 तक यानी 12 महीने के लिए होगा।
पिछले साल भी प्राधिकरण ने नया सवेरा के सामने पार्किंग शुरू की थी, मगर वह व्यवस्था फेल हो गई। अब फिर से वहां पार्किंग शुल्क वसूलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पर्यटन के दृष्टिकोण से रामगढ़ ताल क्षेत्र के विकसित होने की वजह से नया सवेरा पर रोजाना सुबह से लेकर शाम तक आठ से दस हजार लोग पहुंचते हैं।
ऐसे में बेतरतीब गाड़ियां खड़ी होने से जाम लग जाता है। पार्किंग की व्यवस्था हो जाने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। हालांकि गोलघर स्थित जीडीए टॉवर के बेसमेंट में बिना बारिश भी जलभराव रहता है, ऐसे में वहां भू-तल पर ही गाड़ियां खड़ी हो पाती हैं।
जीडीए सचिव राम सिंह गौतम ने बताया कि महंत दिग्विजयनाथ पार्क के तीन तरफ पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गाड़ियां व्यवस्थित तरीके से खड़ी रहें और उनकी सुरक्षा भी हो सके, इसलिए पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए टेंडर निकाला गया है। जीडीए टॉवर पर भी ऐसी ही व्यवस्था की जा रही है।