गोरखपुर: बढ़ाई गई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की समयसीमा, यहां देखें पूरा शेड्यूल
परिवहन विभाग ने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए जारी की नई समयसीमा, व्यावसायिक वाहनों पर नहीं मिली राहत, इनके लिए एचएसआरपी अनिवार्य।
विस्तार
साल 2019 से पहले के उन वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है, जिन्होंने अभी तक अपने वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगवाया है। एचएसआरपी के आवेदन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए परिवहन विभाग ने वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की समयसीमा बढ़ा दी है। व्यावसायिक वाहन इस राहत से बाहर हैं। ऐसे वाहनों पर एचएसआरपी अनिवार्य है।
ये है नई निर्धारित समयसीमा
- - जिन वाहनों के नंबर के अंत में 0 या 1 है, उन पर 15 फरवरी 2022 तक
- - जिन वाहनों के नंबर के अंत में 2 या 3 है, उन पर 15 मई 2022 तक
- - जिन वाहनों के नंबर के अंत में 4 या 5 है, उन पर 15 अगस्त 2022 तक
- - जिन वाहनों के नंबर के अंत में 6 या 7 है, उन पर 15 नवंबर 2022 तक
- - जिन वाहनों के नंबर के अंत में 8 या 9 है, उन पर 15 फरवरी 2023 तक
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि आवेदन में आ रही दिक्कतों को देखतेे हुए परिवहन विभाग ने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की समय सीमा बढ़ा दी है। लेकिन, व्यावसायिक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य है।
बंद हो चुकी कंपनियों के वाहनों पर भी लग सकेगी एचएसआरपी
बंद हो चुकी कंपनियों के वाहनों के भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जारी हो सकेंगे। एचएसआरपी बुकिंग के लिए परिवहन विभाग ने नई कंपनियों के नाम जारी किए हैं। इसके लिए सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल्स मैनुअल (सियाम) पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को बुक कराना होगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि कई ऐसी वाहन कंपनियां हैं जो बंद हो चुकी हैं। बड़ी संख्या में उन कंपनियों के वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन कंपनियों के वाहन स्वामी जब एचएसआरपी के लिए आवेदन करने पहुंच रहे हैं तो कंपनी बंद होने के कारण उनके आवेदन नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग ने राहत दी है। परिवहन विभाग ने सोमवार को एक सूची जारी की है। सूची में बंद हो चुकी कंपनियों के बदले में आवेदन के लिए नई कंपनियों के नाम दिए गए हैं।
इन पर बुक होंगे एचएसआरपी
बंद हो चुकी कंपनियां-इन पर होंगे बुक
- शेवरलेट, मटीज-जनरल मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड
- मित्सुबिशी एंबेस्डर-हिंदुस्तान मोटर्स फाइनेंस कार्पोरेशन लिमिटेड
- एलएमएल-एलएमएल लिमिटेड
- फोर्ड-फोर्ड इंडिया
- हीरो होंडा-हीरो मोटो कॉप लिमिटेड
बिना एचएसआरपी हो सकेंगे इन वाहनों के काम
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल ने बताया कि काइनेटिक होंडा, एंबेस्डर और पद्मिनी कंपनियां बंद हो चुकी है। इन कंपनियों के हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुकिंग करने की व्यवस्था जब तक सियाम द्वारा विकसित नहीं कर ली जाती तब तक इनके वाहनों से संबंधित किसी भी तरह के काम बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के हो जाएंगे।