गोरखपुर: यातायात नियमों के उल्लंघन की हर गतिविधि हो रही कैमरे में कैद, इन चार नियमों को तोड़ा तो देना होगा जुर्माना
शहर के चौराहों पर लगाए गए आईटीएमएस के जरिए न सिर्फ ट्रैफिक में बाधक बनी गाड़ियों को उद्घोषणा से हटाया जाएगा, बल्कि ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑन लाइन कार्रवाई भी की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आपको ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की आदत हो गई है तो अब इसे बदल डालें। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कैमरे की नजर अब सभी प्रमुख चौराहों से गुजर रहे, वाहन चालकों पर है। वाहन चालकों की हर हरकत 'तीसरी आंख' के जरिए, नगर निगम परिसर में लगे, इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के सर्वर में कैद हो रहीं हैं। ट्रायल के तौर पर करीब एक सप्ताह में, अब तक ऐसी 56 हजार से ज्यादा तस्वीरें, अत्याधुनिक कैमरों के जरिए आईटीएमएस के सर्वर में कैद हो चुकी है।
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम से छुटकारा दिलाने के लिए चौराहों पर आईटीएमएस लगाया गया है। इसके जरिए न सिर्फ ट्रैफिक में बाधक बनी गाड़ियों को उद्घोषणा से हटाया जाएगा, बल्कि ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑन लाइन कार्रवाई भी की जाएगी। इससे जुड़ी टीम ने सिस्टम के प्रभावी संचालन की कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही सभी चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
आईटीएमएस प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की तस्वीर प्रमुख चौराहों पर आईटीएमएस सर्वर में कैद होनी शुरू हो गईं हैं। अब तक ऐसी करीब 56 हजार तस्वीर सर्वर में कैद हुईं हैं। फिलहाल, इन तस्वीरों के जरिए किसी भी गाड़ी का चालान नहीं होगा। हालांकि, आने वाले कुछ दिनों में इसकी शुरुआत हो जाएगी। इन तस्वीरों के जरिए यातायात पुलिस को विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी जाएंगी।
इन चार नियमों को तोड़ा तो देना होगा जुर्माना
आईटीएमएस प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि चार तरीके के ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन आप पर भारी पड़ सकते हैं। इनमें जेब्रा लाइन जंप (चौराहों पर खींची गई सफेद पट्टी के आगे गाड़ी खड़ी करना), ट्रिपल राइडिंग (दोपहिया वाहन पर तीन सवारी), रांग साइड से आना (दूसरे लेन से आने) और बिना हेलमेट (बिना हेलमेट ड्राइविंग करना) शामिल है।
'तीसरी नजर' से नहीं बच पाएगा कोई
विजेंद्र कुमार ने बताया कि अगर एक साथ चार-पांच व्यक्ति रेड लाइट जंप करते हैं, लेकिन कुछ ही लोगों को आईटीएमएस सिस्टम पर बैठा व्यक्ति देख पाता है। इसके बावजूद ट्रैफिक लाइट नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी व्यक्तियों की पहचान कैमरों के जरिए दर्ज फोटो के माध्यम से बाद में की जा सकती है। इसके बाद में उनके मोबाइल पर चालान भेज दिया जाएगा।