UP: गोरखपुर में बोले सीएम योगी, साढ़े छह साल में सरकार ने 55 लाख लोगों को दिए मुफ्त आवास
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से प्रदेश में 55 लाख ऐसे गरीब परिवार लखपति हो गए जिनके पास सिर ढकने की जगह नहीं होती थी। आज उन्हें उपलब्ध कराए गए आवासों की कीमत कम से कम 10 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौने तीन करोड़ परिवारों को शौचालय की भी सुविधा दी गई है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स के मानक लक्ष्यों के अनुरूप सबका जीवन सुगम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में बीते साढ़े छह साल में 55 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से मुफ्त पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सोच-समझकर मकान खरीदें। सरकार के विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद या फिर सरकार से अप्रूव्ड योजना में ही आवास खरीदना ठीक रहेगा।
सीएम योगी शुक्रवार शाम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर विकास प्राधिकरण के 175 करोड़ रुपये के 116 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जीडीए की खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लाभार्थियों के बीच भूखंडों तथा फ्लैट्स की ई-लॉटरी की प्रक्रिया भी संपन्न कराई।
उन्होंने कहा कि जीवन सुगमता के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ही विकास प्राधिकरणों और आवास विकास परिषद को सभी बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवासीय योजनाएं बनाने के लिए निर्देशित किया गया है।
इसे भी पढ़ें: अब एनसीआर नहीं मजबूरी...उद्यमियों को भा रही गीडा में सस्ती जमीन और मजदूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अर्थव्यवस्था का समय है। देश-प्रदेश समृद्ध विरासत के साथ आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे तो प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ेगी। इससे बुनियादी जरूरतें पूरी होंगीं और खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में गांव स्वावलंबी और आत्मनिर्भर होते थे। आज के दौर के अनुरूप स्कूल, मार्केट, कनेक्टिविटी, रोजगार, परिवहन जैसी सुविधाएं शहरी जीवन में ही संभव हैं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति विकास प्राधिकरणों या आवास विकास परिषद से मकान खरीदता है तो उसे आवास, स्कूल, पार्क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, हेल्थ केयर आदि की बेहतर सुविधा उपलब्ध होती है।
इसे भी पढ़ें: आरटीओ और लिपिक समेत पांच लोगों पर जालसाजी का केस, पुलिस ने की कार्रवाई
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से प्रदेश में 55 लाख ऐसे गरीब परिवार लखपति हो गए जिनके पास सिर ढकने की जगह नहीं होती थी। आज उन्हें उपलब्ध कराए गए आवासों की कीमत कम से कम 10 लाख रुपये है।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी ने सुनी फरियाद, बोले- हर जरूरतमंद को इलाज के लिए मिलेगी भरपूर मदद
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौने तीन करोड़ परिवारों को शौचालय की भी सुविधा दी गई है। बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान हेल्थ कार्ड, पेंशन आदि से लाभान्वित किया गया है। ये सभी कदम ईज ऑफ लिविंग के लक्ष्य को प्राप्त करने और नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के प्रयास हैं।
आंवला वृक्ष के नीचे भोजन कर मुख्यमंत्री ने किया एकादशी व्रत का पारण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद रवि किशन शुक्ल, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष, पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत मंदिर परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने मठ के कार्यालय के सामने बने बगीचे में आंवले के पेड़ के नीचे भोजन प्रसाद ग्रहण किया।