सभी दुकानदारों को रखना होगा ग्राहकों का पूरा रिकॉर्ड, डीएम ने दिया दिया निर्देश
- कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के मद्देजनर डीएम ने दिया निर्देश
- औचक निरीक्षण के दौरान रजिस्टर में ग्राहकों की जानकारी अपडेट नहीं मिली तो संबंधित पर होगी कार्रवाई
विस्तार
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के मद्देनजर डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने जिले भर की सभी बार्बर शॉप, ब्यूटी पार्लर संचालकों समेत सभी दुकानदारों प्रतिष्ठानों के मालिकों को रोजाना आने वाले सभी ग्राहकों का पूरा रिकार्ड रखने का निर्देश दिया है। मसलन ग्राहकों का नाम, पता और मोबाइल नंबर।
ऐसा इसलिए ताकि अगर किसी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी या वहां जाने वाला कोई ग्राहक संक्रमित मिलता है तो उसके संपर्क में आने वाले सभी लोगों का पता लगाकर तत्काल बचाव कार्य और इलाज शुरू किया जा सके।
जिले में अब तकरीबन सभी दुकानें, प्रतिष्ठान रोस्टर के मुताबिक खुलने लगे हैं। ऐसे में सक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। डीएम के. विजयेंद पांडियन की तरफ से इन दुकानों को खोलने के पहले ही सतर्कता बरतने को लेकर कई गाइडलाइन जारी किए गए थे।
बुधवार से जिले में बार्बर और ब्यूटी पार्लर की दुकानें खुली तो लोगों से अपील की गई थी कि वे अपना तौलिया अपने साथ लाएं। इसी तरह कपड़े की दुकानों पर ट्रॉयल रुम के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक है।
अब डीएम ने एहितयातन सभी दुकानदारों-प्रतिष्ठान मालिकों को अपने वहां आने वाले सभी ग्राहकों के नाम, पते और मोबाइल नंबर एक रजिस्टर में दर्ज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेताया भी है कि अगर औचक निरीक्षण के दौरान रजिस्टर में ग्राहकों की जानकारी अपडेट नहीं मिली तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।