डायवर्जन: अयोध्या को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था रही शानदार मगर टोल प्लाजा को लगा झटका, एक करोड़ के नुकसान का अनुमान
अयोध्या में कार्यक्रम की वजह से वाहनों को जीरो प्वाइंट से ही डायवर्ट कर दिया गया है, जिस वजह से गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को भी मोड़कर भेजा जा रहा है। ऐसे में गोरखपुर से बस्ती के बीच पड़ने वाले दो टोल प्लाजा पर राजस्व का काफी नुकसान हुआ है।
विस्तार
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर गोरखपुर में किए गए डायवर्जन से सुरक्षा और व्यवस्था तो शानदार रही, मगर टोल प्लाजा को बड़ा झटका लगा है। अनुमान के मुताबिक टोल प्लाजा को तीन दिन में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। महज पेट्रोलियम पदार्थ, दुग्ध और कुछ छोटे वाहन ही गुजरे हैं, जिनकी संख्या रोजाना गुजरने वाले वाहनों की तुलना में तकरीबन 20 फीसदी ही रही।
इससे टोल वसूली में बड़ा अंतर आया है। टोल मैनेजर की मानें तो एक दिन में गोरखपुर से लखनऊ की ओर औसतन छोटे-बड़े मिलाकर साढ़े सात हजार वाहन जाते हैं, लेकिन 19 जनवरी से महज 1500 के करीब ही वाहन जा रहे हैं, जिससे नुकसान हो रहा है।
अयोध्या में कार्यक्रम की वजह से वाहनों को जीरो प्वाइंट से ही डायवर्ट कर दिया गया है, जिस वजह से गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को भी मोड़कर भेजा जा रहा है। ऐसे में गोरखपुर से बस्ती के बीच पड़ने वाले दो टोल प्लाजा पर राजस्व का काफी नुकसान हुआ है। सिर्फ जरूरी वाहन ही गुजरे और उनकी संख्या बेहद कम रही। 22 जनवरी को इन वाहनों की संख्या भी कम ही रही।
इसे भी पढ़ें: अद्भुत संयोग...ताला खुला तब और अब प्राण प्रतिष्ठा में भी गोरक्षनगरी के ही सीएम
टोल प्लाजा के मैनेजर नवीन ने बताया कि जब से डायवर्जन हुआ है, महज 20 फीसदी वाहन ही टोल से होकर गुजरे हैं। जिस टोल पर लाइन लगने की नौबत आ जाती थी, वहां पर सन्नाटा पसरा रहा।
इसे भी पढ़ें: अमृत भारत पांच फरवरी तक फुल, वंदेभारत में तेजी से बुकिंग
ऐसे समझें, कैसे हुआ नुकसान
- गोरखपुर से बस्ती के बीच टोल प्लाजा की संख्या- दो
- एक दिन में गुजरने वाले छोटे वाहनों की संख्या - औसतन 3500
- एक दिन में गुजरने वाले बड़े वाहनों की संख्या - औसतन चार हजार
- एक दिन में छोटे वाहनों से वसूली की संख्या- औसतन 8.40 लाख रुपये
- एक दिन में बड़े वाहनों से वसूली की संख्या- औसतन 24 लाख रुपये