UP: देवरिया हत्याकांड में घायल अनमोल से मिले डिप्टी सीएम, बोले- ऐसी कार्रवाई होगी कि याद रखेंगी पीढ़ियां
डिप्टी सीएम ने देवरिया सामूहिक हत्याकांड में घायल अनमोल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली और परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवरिया सामूहिक हत्याकांड में घायल अनमोल दूबे के स्वास्थ्य की जानकारी लेने शुक्रवार दोपहर में डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचे। डिप्टी सीएम ने अनमोल के भाई देवेश दूबे से घटना की जानकारी भी ली। डिप्टी सीएम ने देवेश को गले लगाकर ढांढस बंधाया। भरोसा दिया कि मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
बता दें कि दो अक्तूबर की सुबह जमीन के विवाद में देवरिया जिले के फतेहपुर गांव में पहले पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद प्रतिशोध में भीड़ ने सत्यप्रकाश दूबे और उनके परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल अनमोल को मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायल अनमोल के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
इसे भी पढ़ें: देवरिया सामूहिक हत्याकांड का असर: बंदूकों के साए में गुजर रहीं रातें, किसी की दवा तो कई घरों में राशन खत्म
शुक्रवार की दोपहर में डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचे। अनमोल से मुलाकात करने के बाद ट्रामा सेंटर में पहले से मौजूद अनमोल के बड़े भाई देवेश दूबे से आईसीयू के बाहर एक बंद केबिन में बातचीत करके घटना के बारे में जानकारी ली। लगभग पांच मिनट तक केबिन में डिप्टी सीएम और सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने देवेश से बातचीत की। डिप्टी सीएम ने देवेश को गले लगाकर ढांढस बंधाते हुए कहा कि चाहे कोई भी दोषी हो, बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने घटना को गंभीरता से लिया है।
ट्रामा सेंटर में सफाई के दिए निर्देश
डिप्टी सीएम पाठक ने मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के गलियारे में लगे वाईफाई बॉक्स, बिजली की वायरिंग और फायर हाइड्रेंट पाइप पर जमी धूल देखकर कॉलेज प्रशासन को सफाई-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं ही बाद में बड़ी हो जाती हैं।
यह है मामला
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।