कल से शुरू होंगी दिल्ली-मुंबई की उड़ानें, बिना मास्क नहीं मिलेगी एयरपोर्ट पर एंट्री
- शहर के भीतर बड़ी गाड़ी से जाने पर 500, छोटी से 400 रुपये देने होंगे
- गोरखपुर एयरपोर्ट से दो महीने बाद फिर शुरू होगी उड़ान, कमिश्नर-डीएम ने जांची तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग दो महीने बाद 25 मई से विमान सेवा दोबारा शुरू हो रही है। सोमवार से गोरखपुर एयरपोर्ट से जहां दिल्ली के लिए दो वहीं मुंबई और हैदराबाद के लिए एक-एक उड़ान भी शुरू हो जाएगी। कोलकाता और प्रयागराज के लिए विमान सेवा फिलहाल बंद ही रहेगी।
वहीं दिल्ली के लिए इंडिगो की एक उड़ान भी अभी शुरू नहीं की जा रही है। लॉकडाउन के बीच टिकटों की बुकिंग शुरू होने के चंद घंटों में ही ज्यादातर सीटें फुल हो गईं। ऐसे में बिना मास्क के एयरपोर्ट पर एंट्री नहीं मिलेगी।
विमान सेवा शुरू होने के मद्देनजर शनिवार को कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीआईजी राजेश डी. मोदक, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन और एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर तैयारियां जांची। इस दौरान एयरपोर्ट निदेशक एके द्विवेदी भी मौजूद रहे।
इसके बाद प्रशासन और टैक्सी संचालकों की बैठक हुई जिसमें एयरपोर्ट से शहर या फिर बाहर जाने का किराया तय हुआ। एयरपोर्ट से शहर के भीतर कहीं भी इनोवा या उस जैसी बड़ी गाड़ी से जाने पर 500 रुपये प्रति ट्रिप जबकि छोटी गाड़ी से 400 रुपये प्रति ट्रिप किराया देना होगा।
दो घंटे पहले पहुंचना होगा एयरपोर्ट
इसी तरह शहर से बाहर जाने पर बड़ी गाड़ी से 200 फिक्स चार्ज और 12 रुपये प्रति किमी के हिसाब से और छोटी गाड़ी का 200 रुपये फिक्स चार्ज और नौ रुपये प्रति किमी के हिसाब से किराया देना होगा। वाहन में चालक के अलावा केवल दो वयस्क और बच्चे ही बैठ सकेंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग जरूरी है। आने-जाने दोनों तरफ से टोल टैक्स का भुगतान यात्री को करना होगा। चालकों को प्रत्येक ट्रिप के बाद वाहन को अनिवार्य रूप से सैनिटाइज करना होगा।
कोरोना का खतरा बने रहने तक यात्रियों को दो घंटे पहले ही एयरपोर्ट पहुंचना होगा। थर्मल स्कैनिंग के बाद ही यात्रियों को टर्मिनल में एंट्री मिलेगी। इस दौरान अगर किसी यात्री के शरीर का तापमान मानक से अधिक मिला तो वह यात्रा नहीं कर सकेगा।
कोरोना के संक्रमण से यात्रियों को बचाने के लिए एयरपोर्ट पर कई तरह के उपाय किए गए हैं। हर उस प्रक्रिया या जगह जहां से संक्रमण फैल सकता है, उसे खत्म करने की पूरी कोशिश की गई है। टर्मिनल में प्रवेश के लिए कांटेक्टलेस सिस्टम बनाया गया है ताकि कोई यात्री एक दूसरे के संपर्क में न आए।
25 मई से इन शहरों के लिए शुरू होगी उड़ान
दिल्ली- स्पाइसजेट
दिल्ली- एयर इंडिया
मुंबई - स्पाइस जेट
हैदराबाद - इंडिगो
बिना मास्क नहीं मिलेगी एयरपोर्ट पर एंट्री: कमिश्नर
बिना मास्क के किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के पालन को सुनिश्चित कराने के लिए एयरपोर्ट पर मजिस्ट्रेट भी तैनात किया जाए। साथ ही आने एवं जाने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा विभाग अपनी टीम तैनात करे। हर फ्लाइट के बाद एयरपोर्ट का सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने को भी उन्होंने कहा।