मिस्ड कॉल से परवान चढ़ा प्यार, साथ रहने की जिद पर प्रेमी ने की थी हत्या
- इंटर का छात्र है हत्या का आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- खाली प्लाट में मिला था महिला का शव, देवरिया की थी रहने वाली
विस्तार
गोरखपुर में गुलरिहा के रघुनाथपुर में ईंट भट्ठे के पास खाली प्लाट में मृत मिली महिला की पहचान पूनम (28) निवासी बरहज, देवरिया के रूप में हुई है। उसकी हत्या इंटर में पढ़ने वाले उसके प्रेमी प्रदुमभन (19) निवासी खुटहन, गुलरिहा ने की थी। दोनों की पहचान दो साल पहले एक मिस्ड कॉल से हुई थी।
इसके बाद प्यार परवान चढ़ा तो पूनम प्रदुमभन के साथ रहने की जिद करने लगी। छुटकारा पाने के लिए प्रदुमभन ने ईंट से कूचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही घटना का खुलासा कर आरोपी को रघुनाथपुर से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि बुधवार को रधुनाथपुर में ईंट भट्ठे के पास खाली प्लाट में महिला का शव मिला था। पुलिस ने जांच शुरू की तो मौके से प्रदुमभन की मेडिकल कॉलेज की पर्ची, दवा की पर्ची और कलाई घड़ी मिली थी।
दवा की पर्ची के आधार पर पुलिस मेडिकल स्टोर पहुंची जहां से सुराग मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज से पुलिस ने रिकॉर्ड निकलवाया और प्रदुमभन का पता मिल गया। पुलिस उसके घर पहुंची तो वह फरार था जिसके बाद पुलिस का शक गहरा हो गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
प्रदुमभन की गिरफ्तारी के बाद ही महिला की पहचान हो गई जिसके बाद पुलिस ने पूनम के भाई को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पूनम के भाई की तहरीर पर ही केस दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ में प्रदुमभन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज आने के बाद पूनम ने उसे फोन किया था और साथ में घूमने के बाद वह उसके घर जाने की जिद करने लगी।
खाली प्लाट सुनसान होने की वजह से दोनों दिनभर वहीं पर बैठे रहे। काफी समझाने पर भी नहीं मानने पर प्रदुमभन ने पूनम का गला दबाने की कोशिश की। भागते समय पूनम तार में फंस कर गिर गई जहां प्रदुमभन ने उसकी सिर कूंचकर हत्या कर दी। इस दौरान ही पर्ची और घड़ी मौके पर गिर गई।
साथ में लेकर आई थी जहर
पूनम अपने साथ जहर भी लाई थी। प्रदुमभन ने पुलिस को बताया कि पूनम ने कहा कि अगर घर नहीं ले जा सकते हो तो साथ जहर खा लो। दोनों मर जाएंगे, नहीं तो अपने पति के माध्यम से तुम्हें फंसा दूंगी। प्रदुमभन ने बताया कि तीन बहनों में वह अकेला भाई है।
गौरीबाजार में बच्चों के साथ रहती थी पूनम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में यह थे शामिल
प्रभारी निरीक्षक रवि राय, रामभवन यादव, उपनिरीक्षक धनंजय कुमार राय, सादिक परवेज, रामकृपाल यादव, अनिल यादव, राहुल कुमार, योगेश सिंह, सनातन सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, नमित मिश्रा, अशोक चौधरी आदि गिरफ्तारी टीम में शामिल थे।