कुशीनगर: फर्जी दस्तावेज के साथ अफगानी नागरिक को पुलिस ने पकड़ा, आधारकार्ड बनाने की फिराक में था आरोपी
वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रहा था यह अफगानी नागरिक, टूरिस्ट वीजा की अवधि समाप्त हो जाने पर भारत में ही अलग-अलग स्थानों पर रहता था।
विस्तार
वर्ष 2014 में छह माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आए एक अफगानी नागरिक को फर्जी दस्तावेज के साथ पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कुबेरस्थान थाने के एसओ संजय कुमार के बताया कि शनिवार की सुबह वह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान पता चला कि क्षेत्र के पिपरा जटामपुर गांव के टोला खुशीपट्टी निवासी फखरुद्दीन अंसारी के घर एक संदिग्ध व्यक्ति बीते कुछ दिनों से रह रहा है। देखने से विदेशी नागरिक लग रहा है। वह कूटरचित तरीके से यहां अपना आधारकार्ड बनवाने की फिराक में है।
एसएसआई दीनानाथ यादव, हेड कांस्टेबल इजहार खान, हृदयानंद सिंह के साथ वहां जाकर संदिग्ध व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अहमद समीर पुत्र अब्दुल सबूर निवासी नाहिए से देह मजागं काबुल अफगानिस्तान बताया।
उसने बताया कि वह वर्ष 2014 में अफगानिस्तान में हो रही हिंसा से तंग आकर छह माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अपने देश नहीं लौटा। वीजा नियमों का उल्लंघन कर चोरी-छिपे भारत में ही इधर-उधर रहने लगा।
इसी दौरान छलकपट कर वह दिल्ली के पते पर अपना फर्जी आधारकार्ड बनवाकर दिल्ली में ही रहने लगा। इतना कुछ होने के बाद भी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को इसकी भनक नहीं लगी। तभी उसकी दोस्ती दिल्ली में रह रहे फखरुद्दीन से हो गई। वह लगभग 15 दिनों पूर्व फखरुद्दीन के साथ ही उसके गांव पिपरा जटामपुर आकर रहने लगा था।
यहां फखरुद्दीन के गांव के पते पर अपना आधारकार्ड बनवाने की फिराक में था। इसकी जानकारी गांव के किसी व्यक्ति को हुई तो उसने इसकी सूचना कुबेरस्थान थाने की पुलिस को दी। उसके पास से पुलिस ने दिल्ली के पते का एक आधारकार्ड, पांच पासपोर्ट साइज फोटो, एक एंड्रायड मोबाइल बरामद किया है। पकड़े गए संदिग्ध के खिलाफ पुलिस ने छलकपट व बेईमानी से फर्जी दस्तावेज बनवाने तथा विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
इस संबंध में सीओ सदर संदीप वर्मा का कहना है कि पुलिस को एक संदिध विदेशी नागरिक के संबंध में सूचना मिली थी। उसे पकड़कर पुलिस थाने लाई और कड़ाई से पूछताछ की तो वह अफगानी नागरिक निकला। वह वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी फर्जी आधारकार्ड बनवाकर भारत में रह रहा था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।