दावत में बुलाकर दोस्तों ने किया ये काम, पत्नी बोली- इन्होंने ले ली मेरे पति की जान, पढ़ें क्या है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के सेक्टर 15 में एक युवक की दोस्तों के द्वारा पीट-पीट कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बेलीपार थाना क्षेत्र के भिलोरा निवासी 40 वर्षीय विनोद दूबे पुत्र हरिश्चंद्र दूबे के रूप में हुई है। विनोद की पत्नी का आरोप है कि उसके दोस्त दावत के लिए घर से बुलाकर ले गए थे और फिर पीट-पीटकर मार डाला।
मृतक की पत्नी मंजू देवी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उरूवा थाना क्षेत्र के सहुआखोर निवासी हरिश्चंद्र दूबे के 40 वर्षीय पुत्र विनोद दूबे बेलीपार थाना क्षेत्र के भिलोरा में अपने बुआ के यहां नेवासा मिलने पर मकान बनाकर रहते थे। वर्तमान समय में विनोद अपने पत्नी और बच्चों के साथ सहजनवां थाना क्षेत्र के वार्ड नं. 10 स्थित घनश्याम नगरी में किराए का मकान लेकर रहते थे।
विनोद की पत्नी का आरोप है कि मंगलवार को सांय करीब साढ़े तीन बजे गांव के दो युवक घर आए और विनोद को दावत के बहाने बुलाकर कर ले गए। रात को करीब आठ बजे पड़ोसी के फोन पर एक दोस्त ने बताया कि विनोद घायल अवस्था में जीरो प्वाइंट के पास पड़ा है। जीरो प्वाइंट पर खोजबीन के बाद विनोद का पता नहीं चला लेकिन बाद में गीडा सेक्टर 15 में स्थित एक ढाबा के पास सड़क पर घायल मिले।
इलाज के लिए परिजन सीएचसी सहजनवां ले गए, जहां जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही विनोद की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक गीडा दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मंजू देवी की तहरीर पर दरोगा, चंदन, टोनू, मोनू तथा महादेव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
भिलोरा निवासी विनोद दूबे बच्चों की पढ़ाई के लिए सहजनवां नगर पंचायत के घनश्याम नगरी में किराए का कमरा लेकर परिवार के साथ रहता था। साथ ही परिवार का पालन-पोषण करने के लिए जमीन के खरीद-फरोख्त का कार्य करता था। जमीन के कारोबार में उसकी दोस्ती काफी लोगों से हो गई थी और आए दिन कहीं ना कहीं दावत पर आता-जाता था।
मंगलवार को भी वह पत्नी से दावत में जाने की बात कह कर ही दोस्तों के साथ निकला था। विनोद दूबे की हत्या में नामजद किया एक आरोपित टोनू पांडे पुत्र स्व. रमेश पांडे निवासी भिलोरा बेलीपार थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ दर्जनों लूट और छिनैती के केस दर्ज है। साथ ही जनपद के अन्य थानों में भी टोनू के खिलाफ लूट के मुकदमा दर्ज हैं। लूट के मामले में कई बार जेल भी जा चुका है।