यूपी: ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की हत्या एवं लूट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया ये खुलासा
- रेकी कर 18 नवंबर को गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर दिया गया घटना को अंजाम
- 5.18 लाख रुपये, हथियार और प्रयुक्त की गई बाइक और चार पहिया वाहन बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र के बखरा बाजार में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सर्वेश्वर पटेल की हत्या कर 5.40 लाख रुपये लूट के मामले का सोमवार को पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में शामिल रहे पांचों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
घटना में लूटे गए रुपये में से 5.18 लाख रुपये के अलावा दो देसी तमंचा, एक पिस्टल, छह कारतूस, प्रयुक्त बाइक एवं एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। घटना की रेकी करने वाले एक ग्राहक सेवा केंद्र चलाने वाले बदमाश की तलाश में भी पुलिस टीमों को लगाया गया है।
सोमवार को पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने घटना का खुलासा करते हुए कहा कि गौरीबाजार के बखरा बाजार में 18 नंवबर को एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सर्वेश्वर पटेल पुत्र स्व. रमेश पटेल निवासी जिगनी थाना रामपुर कारखाना की हत्या कर 5.40 लाख रुपये बाइक सवार बदमाशों ने लूटे लिए थे। इस संबंध में मृतक के भाई तारकेश्वर पटेल की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही एसओजी सहित पुलिस की कई टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश में लगाया गया था। इसी क्रम में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को टीमें बखरा बाजार में मौजूद थी।
रेकी कर हुई थी लूट
मुखबिर की सूचना पर हाटा से बखरा रोड की तरफ मदरसन ढाले के पास हाटा रोड की तरफ से एक बाइक व एक चार पहिया वाहन, एक साथ आ रही थी। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगे। इस पर प्रभारी निरीक्षक गौरीबाजार ने एक राउंड फायर कर घेराबंदी करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया।
चार पहिया वाहन की डिकी से एक बैग में सर्वेश्वर पटेल के ग्राहक सेवा केंद्र से संबंधित कागजात, चेक बुक, मार्कशीट आदि बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि घटना के दो दिन पूर्व से अभिषेक वर्मा के मकान से ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक सर्वेश्वर पटेल के ऊपर हम लोग नजर बनाए रखे थे। जब सर्वेश्वर एसबीआई गौरीबाजार से रुपये निकाल कर एसबीटी स्कूल के पास पहुंचे थे, तो हम लोग उनके पीछे थे।
वहीं पर अभियुक्त मोहसीन व एक अन्य ने बाइक से सर्वेश्वर को ओवरटेक कर उनके ऊपर मिर्च पाउडर फेंक दिया गया। घटना से असहज हुए सर्वेश्वर रुपये का बैग लेकर भागने लगे, उन्हें पकड़कर बैग लेने का प्रयास किया गया। नहीं देने पर मोहसिन ने उसे गोली मार दी और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
लूट एवं हत्या में यह रहे शामिल
लूट एवं हत्या के मामले में पकड़े गए अभियुक्तों में बाइक पर सवार अवधेश यादव पुत्र मदन यादव निवासी-बरपार थाना रामपुर कारखाना, मोहसिन उर्फ सोनू पुत्र मुलदा शेख निवासी-महुआबारी शास्त्रीनगर थाना कोतवाली जनपद देवरिया, चार पहिया वाहन में अजय यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी रामपुर हिरामन थाना रामपुर कारखाना, अभिषेक वर्मा पुत्र शिवअवतार वर्मा निवासी गौरीबाजार हाटा रोड थाना गौरीबाजार तथा कामेश्वर यादव उर्फ मन्नू यादव पुत्र विशेश्वर यादव निवासी पननहा इंदुपुर थाना गौरीबाजार को गिरफ्तार किया गया।
इसमें अवधेश यादव के पास से एक देसी तमंचा व दो अदद कारतूस एवं 1.14 लाख रुपये, मोहसिन उर्फ सोनू के पास से एक पिस्टल, तीन कारतूस एवं 1.44 लाख रुपये, अजय यादव के पास से 1.04 लाख रुपये, अभिषेक वर्मा के पास से 64 हजार रुपये, कामेश्वर यादव के पास से एक देसी तमंचा व एक कारतूस एवं 92 हजार रुपये बरामद किए गए।
खुलासा करने वाली टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर की ओर से 25 हजार रुपये एवं पुलिस उप महानिरीक्षक परिक्षेत्र गोरखपुर से 15 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। साथ ही घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले 26 पुलिस कर्मियों को रजत पदक प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई है। इनमें एसओ गिरिजेश तिवारी, एसओ प्रदीप शर्मा, एसओ घनश्याम सिंह, एसओ गोपाल प्रसाद, एसओजी उप निरीक्षक अनिल यादव आदि प्रमुख हैं।