अंकुर हत्याकांड: दो दिन बाद भी हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई पुलिस, परिजनों ने किया हंगामा
अंकुर नाराज परिजनों ने दोपहर में देवरिया मोड़ पर दिया धरना, सुबह मेडिकल कॉलेज में भी किया था हंगामा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल क्षेत्र के रामपुर में किशोर की पिटाई व धारदार हथियार से मारकर की गई नृशंस हत्या के मामले में दो दिन बाद भी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हत्यारोपियों के खौफ से लोग सहमे हुए हैं। बृहस्पतिवार की सुबह नाराज परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा किया। दोपहर में देवरिया बाईपास मोड़ पर शव रखकर जाम लगाया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
बुधवार को रामपुर गांव में अंकुर शुक्ला (17) नाम के किशोर की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अंकुर के बड़े भाई राहुल की तहरीर पर गांव के ही चार आरोपितों सोनू, अवधेश, मनीष व जयहिंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। लेकिन 11वीं इस छात्र की हत्या में नामजद आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रात में साढ़े ग्यारह बजे पोस्टमार्टम हुआ। बृहस्पतिवार की सुबह इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने शव रखकर हंगामा किया। सुबह 10 बजे अपर नगर मजिस्ट्रेट, एसपी नार्थ, सीओ कैंट, सीओ चौरीचौरा तथा रामगढ़ताल, शाहपुर व गुलरिहा के एसओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
डेढ़ घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन
अफसरों ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके अलावा जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक पीड़ित पक्ष के घर पुलिस फोर्स तैनात कर दी जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे परिजन शव लेकर घर के लिए निकले।
दोपहर करीब 12 बजे परिजनों ने देवरिया बाईपास मोड़ पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन व रिश्तेदार इस मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम लगने की सूचना पर पहुंचे एक प्रशासनिक अफसर ने लोगों से दुर्व्यवहार किया, जिससे लोग भड़क गए।
हालांकि एसपी सिटी सोनम कुमार ने किसी तरह से मामले को संभाला। करीब डेढ़ घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन एसपी सिटी के आश्वासन पर खत्म हुआ। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।